डेस्क : अलीगढ़ के गोंडा क्षेत्र के डौंकोली गांव से दहेज उत्पीड़न का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां अर्चना नाम की महिला ने पति और ससुराल वालों की यातनाओं से तंग आकर घर की पहली मंजिल से छलांग लगा दी. बताया जा रहा है कि महिला से 5 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी. 38 सेकेंड का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें अर्चना जमीन पर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल दिखाई देती हैं. इसी दौरान एक शख्स उन्हें पीटता भी नजर आता है. वीडियो में महिला के छोटे-छोटे बच्चे अपनी मां को बचाने की गुहार लगाते हुए रोते-बिलखते दिखाई देते हैं.
महिला के भाई ने आरोप लगाया है कि पति सोनू और ससुराल वाले लगातार अर्चना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. इतना ही नहीं, उसके देवर की भी उस पर गलत नीयत थी. जब अर्चना ने इस बात का विरोध किया, तो उसे बुरी तरह पीटा गया.
घटना के बाद गंभीर हालत में अर्चना को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि अब वह खतरे से बाहर हैं. पुलिस ने पीड़िता के परिवार की शिकायत पर पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
