दो सब-इंस्पेक्टर और एक सिपाही जख्मी, हमलावरों ने आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर भगाया
लहेरियासराय थाना की पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की हवाई फायरिंग, मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी अमित कुमार
दरभंगा (नासिर हुसैन)। जिले के लहेरियासराय थाना की पुलिस पर अभण्डा मोहल्ले में स्थानीय लोगों द्वारा जानलेवा हमला किया गया है। इसमें दो दारोगा और एक सिपाही गम्भीर रूप से जख्मी हो गए हैं। हमले के दौरान सब-इंस्पेक्टर आरके दुबे और अमित कुमार से सरकारी पिस्टल छीनने का भी प्रयास किया गया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि समस्तीपुर कोर्ट से दहेज उत्पीड़न मामले में फरार वारंटी को गिरफ्तार करने पुलिस पहुंची थी। कार्रवाई को देखकर स्थानीय लोग पुलिस के साथ उलझ पड़े। पहले पुलिस को बंधक बनाया, फिर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र कुमार को पुलिस गिरफ्त से छुड़ाकर भगा दिया। इस हमले में घायल दोनों सब-इंस्पेक्टर का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर फैमिली कोर्ट से जितेंद्र कुमार के खिलाफ कुर्की जब्ती का आदेश है। पुलिस ने अभियुक्त को देखकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को चारों तरफ से घेर लिया और पत्थरबाजी करते हुए हमला कर दिया। इसमें दो सब-इंस्पेक्टर और एक सिपाही गम्भीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने पुलिस की गिरफ्त से आरोपी जितेंद्र कुमार को भगा दिया। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे। उनपर भी स्थानीय लोगों ने पथराव करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस ने आत्मरक्षार्थ एक राउंड हवाई फायरिंग की।
सब-इंस्पेक्टर आरके दुबे ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि समस्तीपुर कोर्ट से जारी आदेश के मुताबिक वारंटी जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार करने लहेरियासराय थाना क्षेत्र के अभण्डा मोहल्ले में पुलिस गई थी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते लोग पत्थरबाजी करने लगे। वह और एक अन्य सब-इंस्पेक्टर एवं एक सिपाही गम्भीर रूप से जख्मी हो गए।
सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, दोनों वारंटियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ एक राउंड हवाई फायरिंग की। पथराव करनेवालों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है।