स्थानीय

दरभंगा : मिथिला विश्वविद्यालय में 18 अगस्त को एड्स जागरूकता के लिए होगा ‘रेड रन-2025’ का आयोजन

जिला स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को दिया जाएगा प्रमाण-पत्र

दरभंगा : नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा परिसर में आगामी 18 अगस्त को युवाओं के बीच एचआईवी/एड्स जागरूकता के उद्देश्य से दरभंगा जिला स्तरीय “रेड रन-2025 प्रतियोगिता” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दरभंगा के विभिन्न कॉलेजों के एनएसएस स्वयंसेवक एवं एनसीसी कैडेट्स सहित अन्य छात्र-छात्राएं भी भाग लें सकेंगे। इस संबंध में कॉलेजों को पत्र प्रेषित किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन, नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर रेड रन-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस आलोक में बिहार के सभी जिलों में 5 किलोमीटर का रेड रन प्रतियोगिता आयोजित किया जा रहा है। इस क्रम में दरभंगा जिला रेड रन प्रतियोगिता का आयोजन 18 अगस्त, 2025 को मिथिला विश्वविद्यालय परिसर में सुबह 9:00 से किया जा रहा है।
ज्ञातव्य है कि यह प्रतियोगिता कॉलेज, जिला एवं राज्य स्तर पर भौतिक रूप से किया जा रहा है। रेड रिबन क्लब के विश्वविद्यालय नोडल पदाधिकारी डॉ आर एन चौरसिया ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 17 से 25 वर्ष के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे, जिसके लिए बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना द्वारा पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया है, जिसमें जिला रेड रिबन नोडल पदाधिकारी संयोजक तथा नेहरु युवा केन्द्र, दरभंगा के जिला युवा अधिकारी, जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी, समिति द्वारा नामित एक साधनसेवी तथा एनसीसी से नायब सूबेदार/सुबेदार सदस्य बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु जिला स्तर के चयनित 10 विजेता प्रतिभागियों में से सर्वश्रेष्ठ छह विजेता प्रतिभागी (तीन छात्र एवं तीन छात्रा) को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु भेजा जाएगा। जिला स्तर पर भाग लेने वाले सभी दस विजेता प्रतिभागियों को समिति की ओर से पुरस्कार तथा भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य किशोर एवं युवाओं को एचआईवी/एड्स, किशोर स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित युवा स्वास्थ्य मुद्दों के प्रति युवाओं तथा आमजनों के बीच जागरूकता फैलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *