दरभंगा : दबंगों द्वारा एक महिला के पति को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। मामले का संबंध दरभंगा जिला के बिरौल थाना क्ष्रेत्र अंतर्गत ठीका गांव से है, जहां आरोप के मुताबिक, गांव के दबंग ने शौच के लिए जा रही महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। लेकिन, जब महिला ने शोर मचाया तो लोग इकट्ठा होने लगे। इसे देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इस बात की शिकायत करने जब पीड़ित परिवार अगले दिन थाना जा रहा था, दबंगों ने रास्ते में रोककर मारपीट की। इससे पीड़िता का पति बुरी तरह जख्मी हो गया। अब वो दरभंगा के निजी अस्पताल में मौत से जंग लड़ रहा है।
घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि ठीका गांव निवासी श्याम राय की पत्नी रेखा देवी 23 जुलाई की रात्रि 10 बजे शौच के लिए घर से निकली। घर से अकेली महिला को निकलते देख बुरी नियत से गांव के दबंग ललित राय, रेखा देवी का पीछा करने लगा और सुनसान जगह देख पीछे से पकड़कर जमीन पर गिराकर बलात्कार करने की कोशिश करने लगा। बचाव में पीड़िता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। हल्ला सुनकर आसपास के लोग आने लगे, जिसे देख ललित राय मौके से फरार हो गया।
वहीं, अगले दिन 24 जुलाई को करीब 10 बजे श्याम राय जब अपनी पत्नी रेखा देवी को लेकर थाना जाने लगा तो रास्ते मे ललित राय, रोहित राय, शंकर राय, रवि राय, मनोज राय, बुचिया देवी, खुशबू देवी सहित 10 लोगों ने लोहे का रॉड, खंती एवं डंडा लेकर श्याम राय को घेरकर जान मारने की नियत से मारपीट करने लगे। मारपीट में श्याम राय गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर गया, जिसके बाद उसे ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, श्याम राय की पत्नी रेखा देवी ने बताया कि लड़ाई के दौरान जब वह पति को बचाने गई तो खुशबू देवी एवं पुनीता देवी ने डंडे से मारकर उसे जख्मी कर दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए बक्से में रखे दो लाख रुपए से अधिक मूल्य के जेवर लूट लिए। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से उसके पति को सरकारी अस्पताल, बिरौल पहुंचाया गया। वहां से उसके पति को दरभंगा रेफर कर दिया गया। अब आरोपी सुलह करने का दबाव बना रहे हैं। सुलह नहीं करने पर बेटे को झूठे बलात्कार केस में फंसाने के साथ बुरे अंजाम की धमकी दे रहे हैं।
