पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि स्कूल के रसोइयों, रात्रि प्रहरियों तथा शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की मानदेय राशि को दोगुना करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के दोपहर भोजन में कार्यरत रसोइयों के मानदेय में दोगुनी वृद्धि करते हुए 1650 रुपए से 3300 रुपए करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, माध्यमिक/उच्च शिक्षा विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों का मानदेय 5000 रुपए से दोगुना करते हुए अब 10000 रुपए किया जाएगा। साथ ही, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का मानदेय 8000 रुपए से दोगुना करते हुए अब 16000 रुपए किया जाएगा। साथ ही, इनकी वार्षिक वेतन वृद्धि 200 रुपए के स्थान पर अब 400 रुपए करने का निर्णय लिया गया है।
