डेस्क : यूपी के सुल्तानपुर जिले से एक लापरवाही की घटना सामने आई है, जहां पर एक डॉक्टर ने एक बुजुर्ग महिला का गलत ऑपरेशन कर दिया. दरअसल डॉक्टर ने महिला का बाएं पैर की जगह दाएं पैर का ऑपरेशन कर दिया. ये ऑपरेशन एक हड्डी के स्पेशलिस्ट डॉक्टर ने किया था.डॉक्टर पर आरोप है कि उन्होंने एक बुजुर्ग महिला के बाएं पैर के टूटे हुए हिस्से का ऑपरेशन करने की बजाय उसके दाएं पैर का ऑपरेशन कर दिया.
ऑपरेशन के बाद जब महिला को ऑपरेशन थियेटर से बाहर लाया गया, तो परिजनों के होश उड़ गए, क्योंकि उन्हें बाएं पैर के बजाय दाएं पैर में सर्जरी की गई थी. इसके बाद डॉक्टर ने फिर से महिला को ऑपरेशन थियेटर में भेजकर सही पैर का ऑपरेशन किया.
जानकारी के मुताबिक़ कन्हई थाना क्षेत्र के सिकरी कानूपूर गांव निवासी भुईला देवी को बाएं पैर में चोट लग गई थी. इसके बाद उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई हो रही थी. एक्स-रे कराने पर पता चला कि बाएं पैर में फ्रैक्चर है.डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी और भुईला देवी को सुल्तानपुर के नगर कोतवाली स्थित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. गुरुवार को डॉक्टर ने भुईला देवी के बाएं पैर का ऑपरेशन करने के लिए उन्हें ऑपरेशन थियेटर भेजा.ऑपरेशन के बाद जब महिला को बाहर लाया गया, तो उनके परिजनों ने देखा कि ऑपरेशन दाएं पैर का किया गया था, जबकि चोट बाएं पैर में थी. इस देख परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने हॉस्पिटल प्रशासन से सफाई मांगी.
डॉक्टर की लापरवाही के कारण बुजुर्ग महिला को काफी परेशान होना पड़ा है. बताया जा रहा है ऑपरेशन करने के बाद डॉक्टर गायब हो चूका है और हॉस्पिटल प्रशासन इस मामले में सफाई दे रहा है. हॉस्पिटल के संचालक डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव का कहना है कि महिला के बाएं पैर की कटोरी टूटी हुई थी और उसका ऑपरेशन किया गया था, जबकि दाहिने पैर में सूजन और खून जमा हुआ था जिसे निकाला गया. उन्होंने कहा कि यह गलत ऑपरेशन करने की बात पूरी तरह से फर्जी है. इस घटना के बाद महिला के परिजनों ने जांच की मांग की है और हॉस्पिटल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
