डेस्क :झारखंड के बोकारो जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को ढेर कर दिया और इस दौरान केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की भी जान चली गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गोमिया थाना क्षेत्र के बिरहोर डेरा जंगल में सुबह करीब साढ़े पांच बजे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई।बोकारो जोन के पुलिस महानिरीक्षक क्रांति कुमार गडीदेसी ने बताया, ‘‘सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान दो नक्सलियों को मार गिराया। सीपीआरएफ की कोबरा बटालियन के एक जवान की भी मुठभेड़ में जान चली गई।’’ बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाश अभियान जारी है।
इससे पहले (21 अप्रैल, 2025) को बोकारो ज़िले में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित समूह के एक शीर्ष नेता समेत आठ संदिग्ध माओवादी मारे गए थे, जिन पर ₹1 करोड़ का इनाम था।
