अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप ने भारत-चीन के बाद बांग्लादेश को किया टारगेट, अमेरिका आनेवाले सभी उत्पादों पर लगाया 35% टैरिफ, 1 अगस्त से होगा लागू

डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा व्यापारिक फैसला लेते हुए बांग्लादेश से आयात होने वाले सभी उत्पादों पर 35% टैरिफ (शुल्क) लगाने की घोषणा की है. यह फैसला 1 अगस्त 2025 से लागू होगा और यह अन्य मौजूदा सेक्टोरल टैरिफ से अलग होगा. यह टैरिफ अमेरिका की ओर से बांग्लादेश समेत कई देशों को भेजे गए पत्रों के जरिए लागू किया गया है. जिन देशों को ये पत्र भेजे गए हैं, उनमें बांग्लादेश, बोस्निया, कंबोडिया, इंडोनेशिया, जापान, मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया जैसे नाम शामिल हैं.

अमेरिका ने बांग्लादेश के चीफ एडवाइज़र मुहम्मद यूनुस को एक औपचारिक पत्र भेजते हुए कहा कि अगर बांग्लादेश से कोई भी सामान अमेरिका में आता है, तो उस पर सीधे 35 प्रतिशत टैरिफ लागू होगा. यह नियम सभी प्रकार के उत्पादों पर लागू होगा, चाहे वह कपड़ा हो, इलेक्ट्रॉनिक सामान हो या कोई अन्य आइटम.
ट्रंप ने पत्र में यह भी साफ किया है कि अगर कोई देश सामान को दूसरे देश के जरिए घुमा कर भेजता है ताकि टैरिफ से बच सके, तो उस पर उच्च दर का शुल्क लगाया जाएगा.

ट्रंप ने अपने पत्र में दावा किया कि बांग्लादेश की टैरिफ नीतियां और गैर-टैरिफ बाधाएं अमेरिका के साथ व्यापार घाटा बढ़ा रही हैं. उन्होंने इसे अमेरिकी अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया. उन्होंने कहा कि ये 35% टैरिफ इस असंतुलन को सुधारने की दिशा में पहला कदम है.

डोनाल्ड ट्रंप ने बांग्लादेश को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बांग्लादेश अपने टैक्स बढ़ाता है, तो अमेरिका भी अपने टैक्स में उसी अनुपात में और इजाफा करेगा. साथ ही यह भी कहा कि अगर बांग्लादेश अपने बाजार अमेरिका के लिए खोलता है और टैरिफ व ट्रेड बैरियर्स को खत्म करता है, तो अमेरिका इस टैरिफ पर पुनर्विचार कर सकता है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *