दरभंगा। पुलिस निरीक्षक अमित कुमार ने लहेरियासराय थाना में अपना योगदान दे दिया है। आज शुक्रवार से वे लहेरियासराय थानाध्यक्ष के रूप में जाने जाएंगे। वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेडडी जला रेडडी ने गुरुवार को उन्हें लहेरियासराय थानाध्यक्ष पद पर बड़ी जिम्मेदारी दी थी। पु.नि. दीपक कुमार के स्थानांतरण के बाद लहेरियासराय थाना की कुर्सी करीब 15 दिनों से खाली था। थाना में उनके योगदान देने के बाद थाना में तैनात बलों और पदाधिकारियों के बारे में थानाध्यक्ष ने जानकारी ली। पत्रकारों से बात करते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता थाना क्षेत्र के जनता की सेवा है। उन्होंने कहा के क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए आम जनता का सहयोग भी आवश्यक है। थानाध्यक्ष कुमार ने कहा कि गलत प्रवृति के लोग उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं थे, न हैं और न रहेंगे। उन्होंने कहा कि कानून विरोधी काम करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, वह चाहे कितनी बड़ी पैठ खुद में रखता हो। इस दौरान थाना के सभी पुलिसकर्मी/पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पाग-चादर से मिथिला परंपरा के तहत थानाध्यक्ष को सम्मानित किया गया। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अगर कोई भी समस्या हो तो बेधड़क सीधे उनसे आकर शिकायत करें, समस्या का समाधान किया जाएगा।
