डेस्क :शनिवार तड़के पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर वडगांव ब्रिज (Wadgaon Bridge Car Crash) के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य कई घायल हो गए. तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने विशाल होटल के पास एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मर्सिडीज ब्रिज की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर जा गिरी.
मृतक की पहचान चिंचवड़ निवासी कुनाल हुशार के रूप में हुई है. बाइक पर उनके साथ मौजूद पिलियन राइडर को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुणे पुलिस के डीसीपी (जोन 3) संभाजी कदम के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ. उन्होंने बताया, “टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ब्रिज की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई. कार को काफी नुकसान पहुंचा है.” कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें एयरबैग्स की वजह से गंभीर चोट से बचाव हुआ है
