डेस्क : आम आदमी को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है। मोदी सरकार ने एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि की है। एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 50 रुपये की वृद्धि हुई है। यह वृद्धि उज्जवला गैस सिलेंडर पर भी लागू होगी। पहले उज्जवला गैस सिलेंडर 503 रुपये में मिला करते थे, जो अब 553 रुपये में मिलेंगे। वहीं आम एलपीजी सिलेंडर के दाम 803 रुपये की जगह 853 रुपये हो गए हैं।
सरकार की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, “मंगलवार 8 अप्रैल 2025 से गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये की वृद्धि की जा रही है। यह वृद्धि उज्ज्वला योजना और नॉन उज्ज्वला योजना यानी सभी उपभोक्ताओं पर लागू होगी। अब नई कीमतों के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए 50 रुपये अधिक चुकाने होंगे।”
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को 50 रुपये अधिक चुकाने होंगे। हालांकि केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि यह फैसला स्थायी नहीं है। बल्कि इसकी समीक्षा हर 2 से 3 हफ्ते में की जाएगी।
केंद्र सरकार ने पेट्रोल–डीजल पर दो रुपये एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि इसका कोई असर आम ग्राहकों की जेब पर नहीं दिखाई देगा।भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की तरफ से जानकारी दी गई है कि पेट्रोल–डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का फैसले से आम लोगों पर कोई असर नहीं बढ़ेगा।
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि आपने वित्त मंत्रालय का एक नोटिफिकेशन देखा होगा, जिसमें कहा गया है कि पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 2 रुपये की बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका बोझ कंज्यूमर पर नहीं डाला जाएगा। उन्होंने बताया, “कच्चे तेल की इंटरनेशनल प्राइस घटकर लगभग 60 डॉलर प्रति बैरल हो गई है, लेकिन याद रखें कि हमारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 45 दिनों की अवधि के लिए स्टॉक रखती हैं। अगर आप जनवरी में वापस जाएं, तो उस समय कच्चे तेल की कीमत 83 डॉलर थी, जो बाद में घटकर 75 डॉलर हो गई। इसलिए उनके पास जो कच्चे तेल का स्टॉक है, वह औसतन 75 डॉलर प्रति बैरल है।”
