डेस्क: भारतीय रेल को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट में आज एक बड़ी सफलता मिल गई है। रेलवे ने उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में प्रोजेक्ट के तहत 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 की खुदाई का काम पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि से सुरंग की खुदाई के दोनों हिस्से आपस में जुड़ गए हैं। इनमें सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर के पोर्टल-1 और मारोड़ा की ओर से 1.79 किलोमीटर लंबी सुरंग पोर्टल-2 की खुदाई शामिल है।
पोर्टल-1 (T14P1) पर आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ढीली मिट्टी से होकर 3 ट्रैक वाली सुरंग के 110 मीटर लंबे हिस्से की खुदाई की गई। इस हिस्से के ऊपर 20 से 30 मीटर तक मिट्टी और चट्टान की परत थी। सुरक्षित खुदाई के लिए खुदाई से पहले खास इंतजाम और मल्टी-ड्रिफ्टिंग सहित एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया। मल्टी-ड्रिफ्टिंग विधि में पूरी बड़ी सुरंग को एक साथ खोदने के बजाय, पहले उसके अंदर कई छोटे-छोटे क्षैतिज रास्ते खोदे जाते हैं और उन्हें सहारा देने के बाद आपस में जोड़कर पूरी सुरंग का आकार दिया जाता है।
पोर्टल-2 (T14पी2) पर 30 से 35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल्स, 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग द्वारा ढलान को सुरक्षित किया गया। इन उपायों से सुरंग की मुख्य खुदाई का काम मार्च 2024 में शुरू करना संभव हुआ। इससे पहले मारोड़ा में भू-धंसाव की समस्या और भूमि तथा मकानों के अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों का समाधान किया गया था।
पोर्टल-2 पर लगभग 100 मीटर तक यांत्रिक तरीके से खुदाई की गई। आसपास की बस्तियों की सुरक्षा के लिए दोनों पोर्टल के निकट नियंत्रित विस्फोट का काम सिर्फ दिन के समय और निर्धारित समय अनुसार किया गया। पोर्टल-1 से 4.7 किलोमीटर लंबे खुदाई मार्ग में सुरंग के अंदर ताजी हवा की सप्लाई करने और तापमान को नियंत्रित रखने के लिए खास वेंटिलेशन सिस्टम भी लगाए गए।
सुरंग-14 के निर्माण में ये महत्वपूर्ण सफलता ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट में बड़ी उपलब्धि है। ये प्रोजेक्ट उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई महत्वपूर्ण रेल इंफ्रा प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट से उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी स्थापित होगा, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की यात्रा आसान और सुविधाजनक होगी। इसके साथ ही, राज्य के महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंचना आसान होने से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।



