डेस्क: डाइट सोडा, 100% खट्टे फलों के जूस और बिना चीनी वाली अन्य ड्रिंक्स आपके दांतों के लिए काफी नुकसानदायक हो सकती हैं। यह सच है कि कम चीनी वाले पेय पदार्थों का सेवन करने से दांत सड़ने का खतरा कम हो जाता है, लेकिन डाइट या शुगर-फ्री ड्रिंक्स पीने से यह खतरा पूरी तरह खत्म नहीं होता। ज्यादातर लोग जानते हैं कि मीठे पेय पदार्थ पीने से दांत सड़ सकते हैं, लेकिन आपको ड्रिंक की एसिडिटी (अम्लता) पर भी ध्यान देना चाहिए। किसी खाने या पीने की चीज़ का pH जितना कम होगा, दांतों के खराब होने (इरोज़न) का खतरा उतना ही अधिक होगा इसमें डाइट सोडा, जूस, एनर्जी ड्रिंक और अन्य पेय शामिल हैं।
डाइट सोडा में होता है एसिड
शुगर-फ्री पेय पदार्थों, शुगर-फ्री मिठाइयों और स्पोर्ट्स ड्रिंक्स पर की गई स्टडी से पता चला है कि “इनमें से कई उत्पादों में कई तरह के एसिड होते हैं और इनका pH मान कम होता है।” अक्सर लोग सोचते हैं कि रेगुलर सोडा की जगह डाइट सोडा पीने से उनके दांत स्वस्थ रहेंगे। लेकिन भले ही इनमें चीनी न हो फिर भी डाइट सोडा से दांतों को उतना ही नुकसान पहुंचता है जितना कि रेगुलर सोडा से। इसके अलावा, जहं रेगुलर सोडा और अन्य मीठे पेय पदार्थों में मौजूद चीनी मुंह में हानिकारक एसिड बनाती है, वहीं डाइट या शुगर-फ्री पेय पदार्थों में भी फॉस्फोरिक एसिड होता है वही एसिड जो रेगुलर, मीठे सोडा में पाया जाता है।
दांतों काे कमजोर कर देता है एसिड
डाइट ड्रिंक्स और फलों के जूस में साइट्रिक एसिड और टार्टरिक एसिड जैसे और भी कई तत्व होते हैं, जो दांतों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। जब आप इन्हें पीते हैं तो लगातार होने वाले एसिड अटैक से दांतों की ऊपरी परत (इनेमल) कमजोर हो जाती है, जिससे समय के साथ दांत सड़ने लगते हैं। शुगर-फ्री ड्रिंक्स से दांतों का क्षरण (dental erosion) हो सकता है, लेकिन कुछ आसान तरीकों से आप अपने दांतों को सुरक्षित रख सकते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, फ्लोराइड वाले टूथपेस्ट से दिन में दो बार ब्रश करने से इन ड्रिंक्स का आपके ओरल हेल्थ पर पड़ने वाला असर कम हो सकता है, लेकिन ब्रश करने से पहले एक घंटे का इंतज़ार करना बेहतर होता है। मुंह की लार (saliva) को वापस न्यूट्रल pH स्तर पर आने में 30 मिनट से एक घंटे का समय लगता है, और इस दौरान ब्रश करने से एसिड मुंह में और फैल सकता है।
अपनी दांतों की इस तरह करें सुरक्षा
शुगर-फ्री ड्रिंक्स पीने का सबसे सही समय भोजन के साथ है, जबकि दिन भर थोड़ा-थोड़ा करके पीते रहने से दांतों को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा, स्ट्रॉ (straw) का इस्तेमाल करके पीने से एसिड का आपके दांतों के संपर्क में आना कम हो सकता है। एसिडिक भोजन या ड्रिंक्स लेने के बाद, पानी से कुल्ला करें दूध पिएं या थोड़ा चीज़ (cheese) खाएं। डेयरी और कैल्शियम से भरपूर अन्य खाद्य पदार्थ एसिड के असर को बेअसर (neutralize) करने में मदद कर सकते हैं। भोजन के बीच-बीच में स्नैक्स खाने से बचें, ताकि आपकी लार को अपना pH स्तर फिर से संतुलित करने का समय मिल सके।



