डेस्क: दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने दावा किया है कि 2018 की दक्षिण अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान बॉल-टेम्परिंग के बारे में ऑस्ट्रेलिया के हर खिलाड़ी को पता था। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात में ‘0% भी शक नहीं’ है कि टीम ने कुख्यात केप टाउन टेस्ट से पहले ही जानबूझकर गलत काम किया था। डिविलियर्स ने यह बात 2018 के बॉल-टेम्परिंग स्कैंडल (जिसे ‘सैंडपेपरगेट’ के नाम से जाना जाता है) पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा और कैमरून बैनक्रॉफ्ट के हालिया खुलासों के जवाब में कही। डिविलियर्स, जो केप टाउन टेस्ट में खेले थे और उन्होंने पहली पारी में 64 तथा दूसरी पारी में 63 रन बनाए थे, ने कहा कि उनका मानना है कि डरबन में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान भी बॉल-टेम्परिंग हुई थी। उन्होंने इस बहस को खारिज कर दिया कि खिलाड़ियों को पता था या नहीं कि सैंडपेपर का इस्तेमाल हो रहा था।
डिविलियर्स ने nine.com.au के हवाले से अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मैं यहां किसी व्यक्ति को गलत ठहराने या यह बताने नहीं आया हूं कि कौन सही है और कौन गलत। कुछ बातों को लेकर मेरी अपनी पक्की राय है, जिन्हें मैं यहां साझा कर सकता हूं।’ ख्वाजा के अपनी किताब जारी करने और इस विवाद को फिर से सामने लाने के फैसले पर बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा, ‘उस्मान के किताब जारी करने में कोई बुराई नहीं है। बस इसकी टाइमिंग थोड़ी अजीब है, क्योंकि अब 2026 चल रहा है।’ उन्होंने इस विवाद में शामिल लोगों के प्रति सहानुभूति भी जताई, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सहानुभूति उस काम (बॉल-टेम्परिंग) के लिए बिल्कुल नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘इसमें शामिल सभी लोगों के लिए यह मामला बहुत निजी हो गया है, और उनके प्रति मेरी सहानुभूति है। बेशक, उस दिन जो हुआ (और उससे पहले न जाने कितने मैचों में जो हुआ) उसके लिए मेरी कोई सहानुभूति नहीं है।’ डिविलियर्स ने आगे दावा किया कि बॉल-टेम्परिंग केवल केप टाउन और पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट तक सीमित नहीं थी, बल्कि डरबन टेस्ट के दौरान भी ऐसा ही हुआ था। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हर कोई एक तरह से मान रहा है कि पोर्ट एलिजाबेथ में भी ऐसा ही हुआ था। मैं पूरे यकीन के साथ कह सकता हूं कि डरबन में भी हालात कुछ अलग नहीं थे। फुटेज जाकर देख लीजिए। मेरे मन में इस बात को लेकर कोई शक नहीं है।’
गेंद की स्थिति बदलने के लिए इस्तेमाल की गई चीज पर ध्यान केंद्रित करने पर सवाल उठाते हुए डी विलियर्स ने कहा कि असली मुद्दा यह नहीं है कि सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ या नहीं, बल्कि यह है कि एक गैर-कानूनी काम करने का फैसला पहले से ही सोच-समझकर लिया गया था। उन्होंने कहा, ‘यह अजीब है क्योंकि अब हर कोई सैंडपेपर के बारे में बात कर रहा है और पूछ रहा है कि ‘क्या आपको सैंडपेपर के बारे में पता था?’। असल बात तो यह है कि सबको पता था कि वे हद पार करने जा रहे हैं और कुछ गैर-कानूनी करने वाले हैं और यही वह बात है जिसे सब नजरअंदाज कर रहे हैं।’
डी विलियर्स ने कहा, ‘हम सब उस चीज को लेकर इतने परेशान क्यों हैं जिसका इस्तेमाल किया गया था? असल बात तो यह है कि मैदान पर कुछ गैर-कानूनी करने का फैसला पहले से ही सोच-समझकर लिया गया था।’ अपनी बात दोहराते हुए, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि उन्हें इसमें कोई शक नहीं है कि सभी खिलाड़ियों को इस योजना के बारे में पता था। उन्होंने कहा, ‘वहां मौजूद हर एक इंसान को इसके बारे में पता था, मुझे इस बात पर जरा भी शक नहीं है।’
2018 के बॉल-टैम्परिंग विवाद ने तब फिर से तूल पकड़ लिया जब ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘सब्र’ में दक्षिण अफ्रीका में हुए इस स्कैंडल के बारे में कई खुलासे किए। किताब में ख्वाजा ने दावा किया कि टीम के सभी खिलाड़ियों को सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पता था। बाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस ने ख्वाजा के दावों को “पूरी तरह बकवास” बताकर खारिज कर दिया। कमिंस के इस बयान के बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट (जिन्हें 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान टीवी कैमरों ने सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा था) ने बुधवार को ‘द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ अखबार में एक लेख लिखकर इस विवाद को और हवा दे दी।
बैनक्रॉफ्ट ने अपने 4,000 शब्दों के लेख में बॉलिंग ग्रुप के उस दावे को चुनौती दी जिसमें कहा गया था कि उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पता नहीं था। उन्होंने पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट के दूसरे दिन टी-ब्रेक के दौरान हुई एक बातचीत का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस समय बॉलिंग कोच डेविड सैकर और हेड कोच डैरेन लेहमैन भी वहां मौजूद थे, जब डेविड वॉर्नर ने गेंद के एक हिस्से को खुरदरा बनाने के लिए सैंडपेपर का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था।



