खेल

4 गेंदों में झटके 4 विकेट, टी20 डेब्यू पर युवा तेज गेंदबाज ने रचा इतिहास

डेस्क: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में रेलवे के युवा तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने अपने T20 डेब्यू को यादगार बना दिया। 23 साल के इस गेंदबाज ने सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर इतिहास रच दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने महज 9 गेंदों में अपने पांच विकेट पूरे कर लिए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ जमशेद T20 क्रिकेट में सबसे तेज फाइव विकेट हॉल लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए।

एक ही ओवर में लगातार 4 विकेट लेकर मचाया तहलका
सौराष्ट्र की पारी के दौरान जमशेद आलम ने गेंदबाजी करते हुए ऐसा कमाल किया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उनके ओवर की दूसरी गेंद पर हरविक देसाई ने चौका लगाया, लेकिन इसके बाद जमशेद ने लगातार चार गेंदों पर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने हरविक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचित अहीर और सम्मर गज्जर को आउट कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
T20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज
चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले जमशेद आलम तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने 2019 में हरियाणा के खिलाफ यह कारनामा किया था। इसके बाद विदर्भ के दर्शन नालकंडे ने 2021 में कर्नाटक के खिलाफ लगातार चार गेंदों पर चार विकेट चटकाए थे। अब जमशेद ने इस खास सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
सिर्फ 9 गेंदों में पूरा किया पांच विकेट का पंजा
जमशेद आलम का कहर यहीं नहीं रुका। अपने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने सिद्धांत राणा को LBW आउट कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने सिर्फ 9 गेंदों में अपने पांच विकेट पूरे कर लिए। यह किसी भारतीय गेंदबाज का T20 क्रिकेट में सबसे तेज पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड बन गया। हालांकि, विश्व क्रिकेट में इंडोनेशिया के गेडे प्रियंदाना ने 6 गेंदों और फिनलैंड के महेश तांबे ने 8 गेंदों में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है।
T20 डेब्यू पर चार गेंदों में चार विकेट लेने वाले खास गेंदबाज
T20 डेब्यू पर चार गेंदों में चार विकेट लेने का कारनामा बेहद खास है। जमशेद से पहले पाकिस्तान के आफाक अफरीदी ने 2024 में चैंपियंस T20 कप के दौरान लायंस की ओर से खेलते हुए डॉल्फिन्स के खिलाफ ऐसा किया था। इस तरह जमशेद इस उपलब्धि को हासिल करने वाले चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं।
कौन हैं जमशेद आलम? यूपी से रेलवे तक का सफर
23 वर्षीय जमशेद आलम ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत उत्तर प्रदेश के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेलकर की थी। हालांकि, पर्याप्त मौके नहीं मिलने के कारण उन्होंने रेलवे का रुख किया। वह उत्तर प्रदेश T20 लीग में मेरठ मेवरिक्स और T20 मुंबई लीग में आकाश टाइगर्स MWS की ओर से भी खेल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने रेलवे के लिए CK नायडू ट्रॉफी में भी हिस्सा लिया है।
मैच रिजल्ट: रेलवे: 182/5 (20 ओवर), सौराष्ट्र: 153/8 (20 ओवर); नतीजा: रेलवे ने मुकाबला 29 रन से जीता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *