डेस्क: केरलम में 17-वर्षीय एक किशोरी कथित तौर पर सोशल मीडिया पर ‘इन्फ्लुएंसर’ के प्रचार से प्रभावित होकर ऑनलाइन खरीदी गई ‘फेयरनेस’ (गोरा बनाने वाली) क्रीम का इस्तेमाल करने के बाद गुर्दे की गंभीर बीमारी से पीड़ित हो गई। उसका उपचार कर रहे चिकित्सकों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मलप्पुरम के एस्टर एमआईएमएस मदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, किशोरी ने इंस्टाग्राम पर प्रभावशाली हस्तियों (इन्फ्लुएंसर) के प्रचार संबंधी वीडियो देखने के बाद यह क्रीम मंगाई थी। वीडियो में दावा किया गया था कि इस क्रीम से मुंहासे, काले धब्बे और त्वचा के रंग में असमानता की समस्या दूर हो सकती है। किशोरी ने पत्रकारों से कहा कि उसने इंस्टाग्राम पर दिए गए एक व्हाट्सऐप नंबर के जरिए विक्रेताओं से संपर्क किया और क्रीम मंगाई। शुरुआत में उसे क्रीम असरदार लगी और उसने एक वर्ष में इसकी कई और बोतलें मंगाईं। किशोरी ने बताया कि इसके बाद उसे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं। उसने बताया कि उसका रक्तचाप अचानक कम हो जाता था और वह बेहोश भी हो जाती थी। उसने बताया कि उसके पैरों में सूजन भी आ गई, जिससे उसे चलने और सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी होने लगी। इसके बाद वह अस्पताल पहुंची।
किशोरी का उपचार कर रहीं गुर्दा रोग विशेषज्ञ गौरी एस. ने पत्रकारों को बताया कि विस्तृत चिकित्सकीय जांच में उसके खून और शरीर में पारे की मात्रा खतरनाक स्तर तक बढ़ी हुई पाई गई। उन्होंने कहा, ”पारा गुर्दों में खून को छानने वाली इकाइयों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।” गौरी ने बताया कि किशोरी ‘मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी’ नामक गुर्दे की गंभीर बीमारी से पीड़ित हो गई है। समय पर उपचार नहीं मिलने पर इस बीमारी से अन्य गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। चिकित्सक ने बताया कि क्रीम की जांच में पारे की मात्रा कथित तौर पर 12,500 पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) पाई गई, जबकि इसकी स्वीकार्य सीमा एक पीपीएम से कम है। उन्होंने कहा कि जांच के निष्कर्षों से कथित तौर पर पता चला कि पारा-युक्त क्रीम के इस्तेमाल से किशोरी को गुर्दे की बीमारी हुई।
गौरी ने लोगों को त्वचा को तुरंत गोरा बनाने या उसके रंग में तेजी से सुधार लाने का दावा करने वाली क्रीम के विज्ञापनों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों को ऐसे उत्पादों पर भरोसा करने के बजाय त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए और उचित उपचार कराना चाहिए। किशोरी ने बताया कि उसने कंपनी को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी दी थी, लेकिन उसे कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। उसने आरोप लगाया कि शुरुआत में कंपनी ने कहा था कि उसके वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी जाएगी, लेकिन बाद में कंपनी ने उसके संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया। किशोरी के परिवार ने कंपनी के खिलाफ उपभोक्ता अदालत में कानूनी कार्यवाही करने का फैसला किया है। परिवार ने क्रीम के नाम का खुलासा नहीं किया है।


