अंतरराष्ट्रीय

खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश : निखिल गुप्ता को आज सजा सुनाएगी अमेरिकी अदालत

डेस्क: अमेरिका में खालिस्तान समर्थक अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannun) की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता (Nikhil Gupta) को शुक्रवार को सजा सुनाई जाएगी। अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने अदालत से उसे 24 साल पांच महीने की कैद देने की मांग की है, जबकि बचाव पक्ष ने 12 साल की सजा की अपील की है। न्यूयॉर्क की अमेरिकी जिला अदालत के न्यायाधीश विक्टर मारेरो स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे फैसला सुनाएंगे।
55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश से जुड़े आरोप स्वीकार कर लिए थे। अब अदालत में उसकी सजा की अवधि को लेकर अभियोजन और बचाव पक्ष के बीच अलग-अलग दलीलें पेश की गई हैं।
अभियोजन पक्ष ने मांगी 293 महीने की सजा
अमेरिकी सरकार ने पिछले सप्ताह अदालत में दाखिल दस्तावेजों में गुप्ता को 293 महीने यानी करीब 24 साल और पांच महीने की जेल की सजा देने का अनुरोध किया था। अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने कहा कि इस साजिश में गुप्ता की भूमिका बेहद गंभीर थी। वह अमेरिकी जमीन पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की योजना में महत्वपूर्ण भागीदार था।
अभियोजन पक्ष का कहना है कि इस मामले में ऐसी सजा दी जानी चाहिए, जो अपराध की गंभीरता को दर्शाए और यह स्पष्ट संदेश दे कि अमेरिका में किसी की राजनीतिक आवाज को हिंसा के जरिए दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अमेरिकी सरकार के मुताबिक, गुप्ता और उसके सहयोगियों ने पन्नू की राजनीतिक विचारधारा के कारण उसकी हत्या की साजिश रची थी। अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया है कि इस साजिश में कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी भी शामिल था। सरकार ने अमेरिकी सजा दिशानिर्देशों के तहत निर्धारित 235 से 293 महीने की कैद में अधिकतम सजा देने की मांग की है।
बचाव पक्ष ने मांगी 12 साल की सजा
दूसरी ओर, निखिल गुप्ता के वकीलों ने अदालत से नरम रुख अपनाने की अपील की है। बचाव पक्ष के अनुसार, प्रोबेशन विभाग ने मामले की समीक्षा के बाद 144 महीने यानी 12 साल की जेल और इसके बाद तीन साल तक निगरानी में रिहाई की सिफारिश की है।
वकीलों ने दलील दी है कि प्रोबेशन अधिकारी ने गुप्ता से बातचीत की और मामले से जुड़े दस्तावेजों की समीक्षा के बाद सजा की सिफारिश की। उन्होंने कहा कि गुप्ता का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। अपराध के समय वह शराब की लत से जूझ रहा था और उसका उचित उपचार नहीं हुआ था। 55 वर्ष की उम्र में लंबी जेल की सजा भी उसके लिए गंभीर होगी।
बचाव पक्ष ने यह स्वीकार किया कि गुप्ता ने एक व्यक्ति की हत्या की व्यवस्था करने पर सहमति जताई थी और इसके लिए उसे दंड मिलना चाहिए। हालांकि, वकीलों का तर्क है कि सजा अपराध की गंभीरता और आरोपी की व्यक्तिगत परिस्थितियों के अनुरूप होनी चाहिए।
अदालत को पत्र लिखकर जताया पछतावा
निखिल गुप्ता ने अदालत को लिखे पत्र में अपने किए पर पछतावा जताया है। उसने लिखा कि काश वह समय को पीछे ले जाकर वर्ष 2023 में की गई अपनी गलतियों को सुधार पाता। उसने कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर उसे खुद पर विश्वास नहीं होता कि वह किस तरह का इंसान बन गया था।
गुप्ता के मुताबिक, 2023 की शुरुआत में वह अपने परिवार से दूर हो गया था और लगभग हर रात अत्यधिक शराब पीने लगा था। उसने अपने परिवार और आसपास के लोगों को हुई तकलीफ के लिए अफसोस जताया। उसने यह भी कहा कि उसे राहत है कि उसकी हरकतों के कारण किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। यदि ऐसा होता तो यह उसके जीवन का सबसे बड़ा पछतावा होता।
ऐसे रची गई थी हत्या की साजिश
अमेरिकी अभियोग और अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, वर्ष 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य स्थानों पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में सह-आरोपी विकास यादव का नाम भी सामने आया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, विकास यादव के निर्देश पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल सहयोगी समझ रहा था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) का गोपनीय सूत्र था। गुप्ता ने उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने में मदद मांगी थी।
एक लाख डॉलर में हत्या कराने की योजना
अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, विकास यादव ने गुप्ता के माध्यम से हुई बातचीत के बाद हत्या के लिए अंडरकवर अधिकारी को एक लाख अमेरिकी डॉलर देने पर सहमति जताई थी। इसके बाद 9 जून 2023 के आसपास गुप्ता और यादव ने एक सहयोगी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद अग्रिम भुगतान के रूप में भिजवाए थे।
अमेरिकी जांच एजेंसियों ने इस साजिश का खुलासा करते हुए गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब इस मामले में अमेरिकी अदालत के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *