डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने एक बार फिर फेडरल रिजर्व (federal Reserve) की ब्याज दर नीति (Interest Rate Policy) को लेकर नाराजगी जाहिर की है। एशिया दौरे से लौटने के बाद अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में उन्होंने भारत की कम ब्याज दरों और करीब 7 फीसदी की आर्थिक विकास दर की तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि भारत की तरह अमेरिका में भी ब्याज दरों को लेकर अलग दृष्टिकोण अपनाया जाए तो अर्थव्यवस्था की रफ्तार काफी बढ़ सकती है।
ट्रंप ने अमेरिकी केंद्रीय बैंक पर आरोप लगाया कि मजबूत आर्थिक संकेतकों के बावजूद वह ब्याज दरें ऊंची रख रहा है। उनके मुताबिक, फेडरल रिजर्व के फैसलों में आर्थिक परिस्थितियों के बजाय राजनीतिक दृष्टिकोण का प्रभाव दिखाई देता है।
फेडरल रिजर्व को बताया राजनीतिक
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें जरूरत से ज्यादा ऊंची हैं, क्योंकि वहां का फेडरल रिजर्व राजनीतिक तरीके से काम कर रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी नाराजगी केवल फेड चेयरमैन से नहीं, बल्कि पूरी संस्था की कार्यप्रणाली से है।
उन्होंने कहा, “ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं, क्योंकि हमारे पास एक बेहद राजनीतिक फेड है। मैं चेयरमैन को दोष नहीं दे रहा हूं, बल्कि इस बात को लेकर सवाल उठा रहा हूं कि हमारा फेड बहुत राजनीतिक है।”
ट्रंप का तर्क है कि जब अर्थव्यवस्था के आंकड़े बेहतर हों और आर्थिक गतिविधियों में मजबूती दिखाई दे, तब केंद्रीय बैंक को ब्याज दरें बढ़ाने के बजाय कम करनी चाहिए। इससे कारोबार और निवेश को प्रोत्साहन मिल सकता है।
एलन ग्रीनस्पैन की नीति का किया जिक्र
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन की नीतियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ग्रीनस्पैन आर्थिक आंकड़ों में सुधार होने पर ब्याज दरें घटाने का रुख अपनाते थे।
ट्रंप के मुताबिक, बेहतर आर्थिक प्रदर्शन के साथ कर्ज लेने की लागत कम होनी चाहिए, ताकि कंपनियों और कारोबारियों को सस्ता ऋण मिल सके। उन्होंने कहा, “एलन ग्रीनस्पैन बेहतरीन फेड चेयरमैन थे। जब आंकड़े अच्छे होते थे, तो वे ब्याज दरें कम कर देते थे। अच्छे आंकड़ों के साथ बेहतर क्रेडिट मिलता है, लेकिन हम इसके ठीक उलट कर रहे हैं।”
भारत की 7 फीसदी ग्रोथ को बताया उदाहरण
ट्रंप ने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अपेक्षाकृत कम ब्याज दरों के साथ अर्थव्यवस्था करीब 7 फीसदी की दर से आगे बढ़ रही है। उन्होंने इसे अपनी दलील के समर्थन में पेश किया कि कम ब्याज दरें आर्थिक विकास को गति देने में मदद कर सकती हैं।
ट्रंप ने कहा, “अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी 7 फीसदी है। हमारी जीडीपी 14, 15 या शायद 20 फीसदी तक हो सकती है।”
उन्होंने दावा किया कि यदि फेडरल रिजर्व उनकी पसंद के मुताबिक ब्याज दर नीति अपनाए, तो अमेरिका की आर्थिक विकास दर मौजूदा स्तर से काफी ऊपर जा सकती है। ट्रंप ने कहा कि ऐसी स्थिति में अमेरिकी अर्थव्यवस्था 4 फीसदी की जगह 15 से 20 फीसदी तक की वृद्धि हासिल कर सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि तेज आर्थिक विकास से वह देश का कर्ज तेजी से चुकाने में सक्षम होंगे।


