डेस्क: इंडियन सुपर लीग (ISL) में मुंबई सिटी FC ने अपनी टीम को मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। क्लब ने अनुभवी स्लोवेनियाई सेंटर फॉरवर्ड लुका मैजसेन को आधिकारिक तौर पर टीम में शामिल कर लिया है। भारत में फुटबॉल खेलने का लंबा अनुभव रखने वाले मैजसेन ने अलग-अलग क्लबों के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उनके आने से मुंबई सिटी FC को स्ट्राइकिंग विभाग में अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुंबई सिटी FC में लुका मैजसेन की एंट्री
मुंबई सिटी FC ने अपने स्ट्राइकिंग विभाग को मजबूत करने के लिए लुका मैजसेन के साथ करार किया है। स्लोवेनिया की राजधानी लुब्लियाना में जन्मे मैजसेन साल 2020 में भारतीय फुटबॉल से जुड़े थे। इसके बाद उन्होंने कई भारतीय क्लबों के लिए खेलते हुए अपनी पहचान एक अनुभवी और भरोसेमंद स्ट्राइकर के रूप में बनाई।
क्लब को उम्मीद है कि मैजसेन अपने अनुभव और गोल करने की क्षमता से टीम को आगामी मुकाबलों में फायदा पहुंचाएंगे। खास बात यह है कि वह भारतीय फुटबॉल की परिस्थितियों और ISL के खेल से अच्छी तरह परिचित हैं।
भारत में शानदार रहा है लुका मैजसेन का रिकॉर्ड
लुका मैजसेन ने भारत में अपने फुटबॉल करियर की शुरुआत चर्चिल ब्रदर्स के साथ की थी। यहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए आई-लीग में दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में सीजन समाप्त किया।
इसके बाद वह बेंगलुरु यूनाइटेड से जुड़े और टीम को बैंगलोर सुपर डिवीजन का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने 15 गोल किए और लीग के शीर्ष गोल स्कोरर बने।
गोकुलम केरल और पंजाब FC के लिए भी दिखाया दम
जनवरी 2022 में मैजसेन ने गोकुलम केरल का दामन थामा। उन्होंने 13 गोल करके टीम को लगातार दूसरी बार आई-लीग चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया।
राउंडग्लास पंजाब के साथ खेलते हुए वह क्लब के लिए इंडियन सुपर लीग में पहला गोल करने वाले खिलाड़ी भी बने। इससे भारतीय फुटबॉल में उनकी पहचान और मजबूत हुई।
फुटबॉल डायरेक्टर ने बताया क्यों चुना मैजसेन को
मुंबई सिटी FC के फुटबॉल डायरेक्टर सुजय शर्मा ने भी मैजसेन के टीम में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि स्ट्राइकिंग विभाग को मजबूत करने के लिए इस अनुभवी खिलाड़ी को टीम में शामिल किया गया है।
सुजय शर्मा ने कहा, ‘हमने विलमर और अजल के साथ स्ट्राइकिंग विभाग में अतिरिक्त मजबूती देने के लिए लुका को टीम में शामिल किया है। भारत और ISL में कई वर्षों का उनका अनुभव शानदार रहा है। हमें उम्मीद है कि वह टीम के लिए गोल करेंगे और भविष्य में बनाए जाने वाले मौकों को गोल में बदलेंगे। उनकी नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व भी टीम के लिए अतिरिक्त फायदा साबित होंगे।’


