अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग की बैठक पर चीन की शर्त, खुली बातचीत नहीं सिर्फ तय एजेंडे पर होगी चर्चा

डेस्क: दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों अमेरिका, रूस और चीन (America, Russia, and China) के राष्ट्राध्यक्षों की संभावित बैठक से पहले कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Xi Jinping, Donald Trump, and Vladimir Putin) इसी महीने चीन के शेनझेन शहर में एक मंच पर नजर आ सकते हैं। हालांकि, बैठक की तारीख और कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। इस बीच चीन ने बैठक के स्वरूप को लेकर ऐसी शर्त रख दी है, जिस पर अमेरिका सहमत नहीं है। चीन चाहता है कि तीनों नेताओं के बीच खुली बातचीत के बजाय पहले से तय एजेंडे और तैयार बयानों के आधार पर बैठक हो।

बैठक के स्वरूप पर अमेरिका-चीन में मतभेद
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन चाहता है कि तीनों देशों के नेताओं की बैठक पूरी तरह निर्धारित कार्यक्रम के तहत हो। इसमें किन मुद्दों पर चर्चा होगी और क्या निष्कर्ष निकलेगा, यह पहले ही तय कर लिया जाए। चीन की इस पहल का मकसद बैठक के दौरान अचानक होने वाली चर्चा और किसी अप्रत्याशित स्थिति से बचना है। हालांकि, व्हाइट हाउस ने चीन के इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।
गौरतलब है कि पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तीनों देशों के नेताओं की संयुक्त बैठक का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में प्रस्तावित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) सम्मेलन के दौरान इस बैठक की संभावना पर चर्चा शुरू हुई। हालांकि, बैठक के एजेंडे और प्रारूप को लेकर अमेरिका और चीन के बीच सहमति नहीं बन पाई है।
तैयार बयान पढ़ने के पक्ष में चीन
रिपोर्ट के अनुसार, चीन चाहता है कि तीनों राष्ट्राध्यक्ष बैठक में पहले से तैयार किए गए बयान पढ़ें। इससे किसी संवेदनशील मुद्दे पर खुलकर चर्चा की संभावना सीमित रहेगी। इसके विपरीत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बैठक में चीन के तेजी से बढ़ते परमाणु हथियारों के भंडार का मुद्दा उठाना चाहते हैं। चीन के परमाणु हथियारों की बढ़ती संख्या अमेरिका की प्रमुख चिंताओं में शामिल है।
अचानक बातचीत से बचना चाहते हैं जिनपिंग
एक चीनी अधिकारी के मुताबिक, शी जिनपिंग यूक्रेन युद्ध समेत प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए पहले से तय एजेंडा और बातचीत की रूपरेखा जरूरी मानते हैं। वह बिना तैयारी के होने वाली अचानक चर्चा में शामिल नहीं होना चाहते।
अधिकारी के अनुसार, यदि बैठक का एजेंडा और नेताओं के बयान पहले से तय नहीं होते हैं, तो जिनपिंग तीनों देशों की संयुक्त बैठक के बजाय अलग-अलग नेताओं के साथ द्विपक्षीय बातचीत को प्राथमिकता दे सकते हैं।
तस्वीरों और आधिकारिक बयानों तक सीमित रखने की मंशा
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन इस बैठक को बड़े कूटनीतिक आयोजन के रूप में पेश करना चाहता है। इसके तहत तीनों नेताओं की संयुक्त तस्वीरें और आधिकारिक बयान जारी किए जा सकते हैं। हालांकि, चीन नहीं चाहता कि बैठक में बिना तैयारी के ऐसी खुली बातचीत हो, जिससे कोई अप्रत्याशित राजनीतिक या कूटनीतिक स्थिति पैदा हो।
दुनिया की नजरें संभावित बैठक पर
ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की संभावित मुलाकात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जताई जा रही है। कई देशों को आशंका है कि दुनिया की तीन बड़ी शक्तियां इस बैठक के जरिए वैश्विक प्रभाव और शक्ति संतुलन को लेकर अपने हितों के मुताबिक नई व्यवस्था बनाने की कोशिश कर सकती हैं। ऐसे में बैठक का एजेंडा, उसका स्वरूप और तीनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत के नतीजे अंतरराष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से अहम होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *