राष्ट्रीय

बहन को डूबता देख बचाने कूदे दो भाई, फिर चचेरा भाई भी पानी में उतरा, चारों की मौत

डेस्क: राजस्थान के बीकानेर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन सगे भाई-बहनों और उनके चचेरे भाई की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के आवा गांव में खेत में बनी पानी की डिग्गी में हुआ। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक विजयपाल यादव ने बताया कि जिले आवा गांव में चक (खेत) नौ एडब्ल्यूएम में बने इस डिग्गी (आयताकार पक्का हौज या तालाब) में यह हादसा दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ। उन्होंने बताया कि रमेश कुमार नायक की 14 वर्षीय बेटी पूजा खेत में बनी डिग्गी से पानी लेने गई थी तभी इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिरकर डूबने लगी।
अधिकारी के अनुसार, बहन को डूबता देख उसके दोनों भाई मुकेश (18) और मनोज (16) उसे बचाने के लिए डिग्गी में उतर गए, और इसके बाद उनका चचेरा भाई निर्मल नायक (21) भी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गया। उन्होने बताया कि चारों में से कोई बाहर नहीं निकल सका और सभी की डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल, उपनिरीक्षक मोहन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रामचरण मीणा और पुलिसकर्मी मंगल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों के शव बाहर निकलवाकर सामुदायिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुर्दाघर में रखवाए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *