अर्थ

17 लाख करोड़ का अडानी साम्राज्य कौन संभालेगा? Gautam Adani ने बताया किसे सौंपेंगे गद्दी

डेस्क: देश के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडानी ने अपने कारोबारी साम्राज्य के भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। करीब चार दशक पहले कोयले के कारोबार से शुरुआत करने वाले गौतम अडानी ने आज लगभग 17 लाख करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण वाला अडानी ग्रुप खड़ा कर दिया है। अब उन्होंने यह भी तय कर लिया है कि भविष्य में उनके कारोबार की कमान किसके हाथों में होगी। फॉर्च्यून इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अडानी अपना पूरा कारोबार किसी एक उत्तराधिकारी को सौंपने के बजाय परिवार के चार युवाओं की टीम को सौंपना चाहते हैं।

इस टीम को ‘G2 लीडरशिप’ नाम दिया गया है। इसमें उनके दो बेटे करण अडानी और जीत अडानी के साथ दो भतीजे प्रणव अडानी और सागर अडानी शामिल हैं। ये चारों पहले से ही समूह की अलग-अलग कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

उत्तराधिकारियों से क्या चाहते हैं गौतम अडानी?
गौतम अडानी का मानना है कि नेतृत्व केवल विरासत में नहीं मिलता, बल्कि इसे अपनी योग्यता से साबित करना पड़ता है। वह चाहते हैं कि अगली पीढ़ी उनसे भी बड़े स्तर पर सोचे, पुरानी धारणाओं को चुनौती दे और भविष्य के कारोबार खड़े करने का धैर्य रखे।
उनके मुताबिक, उत्तराधिकारियों में जोखिम उठाने का साहस, दूसरों से सीखने की क्षमता और विनम्रता होनी चाहिए। साथ ही उन्हें यह समझना होगा कि कोई भी संस्थान किसी व्यक्ति या परिवार से बड़ा होता है।

कौन हैं G2 लीडरशिप के चार चेहरे?
1. प्रणव अडानी: 48 वर्षीय प्रणव चारों में सबसे अनुभवी हैं। वह अडानी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर और एग्रो, ऑयल एंड गैस कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। अडानी टोटल गैस और रियल्टी कारोबार में भी उनकी अहम भूमिका है।
2. करण अडानी: गौतम अडानी के बड़े बेटे करण 39 वर्ष के हैं। वह अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। पोर्ट्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और सीमेंट कारोबार की जिम्मेदारी उनके पास है।
3. सागर अडानी: 32 वर्षीय सागर अडानी ग्रीन एनर्जी कारोबार का प्रमुख चेहरा हैं। वह अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं और सोलर तथा विंड एनर्जी कारोबार संभालते हैं।
4. जीत अडानी: गौतम अडानी के छोटे बेटे 29 वर्षीय जीत अडानी एयरपोर्ट कारोबार के डायरेक्टर हैं। वह AI, डेटा सेंटर, डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और मेटल जैसे नए क्षेत्रों पर भी ध्यान दे रहे हैं।
17 लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबारी साम्राज्य
अडानी ग्रुप पोर्ट्स, पावर, सीमेंट, एयरपोर्ट, गैस और ग्रीन एनर्जी समेत 24 से अधिक क्षेत्रों में कारोबार करता है। वित्त वर्ष 2026 में समूह का राजस्व करीब 3 लाख करोड़ रुपए रहा। अब G2 लीडरशिप के जरिए समूह भविष्य की पीढ़ी के नेतृत्व के लिए तैयारी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *