डेस्क: दिवाली से एक रात पहले का समय अभिनेता दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के लिए एक बुरे सपने जैसा हो गया, जब उनकी रिहायशी इमारत में आग लग गई। दुख की बात है कि इस घटना में धनपत नाम के एक सुरक्षा गार्ड की जान चली गई। मंगलवार को, दिव्यांका ने इंस्टाग्राम पर इस दिल दहला देने वाली घटना के बारे में विस्तार से बताया कि असल में क्या हुआ था। उन्होंने सुरक्षा गार्ड की मौत पर गहरा दुख जताया, जिन्हें वे प्यार से ‘धनपत अंकल’ कहकर बुलाती थीं।
इमारत के एक हिस्से को आग की लपटों में घिरे हुए दिखाने वाला एक वीडियो साझा करते हुए, दिव्यांका ने लिखा, “कुछ नुकसान अपने पीछे एक ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं जो कभी दूर नहीं होती। जब हम पहली बार अपने बच्चों को घर लाए थे, तो उनका स्वागत करने और उन्हें आशीर्वाद देने वालों में सबसे पहले हमारे प्यारे धनपत अंकल थे, जो हमारी इमारत के गार्ड थे। हमने आने वाले सालों के बारे में सोचा था… कि वे हमारे बच्चों को बड़े होते देखेंगे, बच्चे उनके साथ खेलेंगे, और ऐसे अनगिनत छोटे-छोटे पल होंगे जिन्हें हमने कभी हल्के में ले लिया था। हमने कभी नहीं सोचा था कि वे पल सिर्फ सपने बनकर रह जाएंगे,” दिव्यांका ने लिखा। “दीवाली और विव के जन्मदिन से एक रात पहले, हमारी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। उस शाम हम बाहर जाने वाले थे, लेकिन किसी वजह से हमारा प्लान बार-बार टलता रहा। जब यह हादसा हुआ, तब हम घर पर ही थे। इसी वजह से हमें समय रहते खतरे का पता चल गया और हम अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल पाए,” उन्होंने आगे कहा। कुछ देर तक तो हमें लगा कि हम बस एक डरावनी याद और कुछ सामान के नुकसान के साथ बच गए हैं। लेकिन फिर हमें धनपत अंकल के बारे में पता चला। विवेक और मेरे लिए इस खबर को मानना बहुत मुश्किल था। एक दोस्त के घर शरण लेने के बाद भी, हम यही उम्मीद और प्रार्थना करते रहे कि काश यह सच न हो। दीवाली आने पर धीरे-धीरे बिजली बहाल हो गई। दीवाली के अगले दिन, पूरी सुरक्षा जांच के बाद गैस सप्लाई और लिफ्ट भी चालू कर दी गईं।
लेकिन इसके बावजूद, हालात पहले जैसे सामान्य नहीं हुए,” दिव्यांका ने आगे बताया। दिव्यांका ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें धनपत अंकल उनके जुड़वां बच्चों को आशीर्वाद दे रहे हैं, जब वह पहली बार उन्हें घर लेकर आई थीं।
“हमारी पूरी विंग मानो थम सी गई थी, और ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं कि बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा था। उस दीवाली, आग ने हमारे घरों की रोशनी तो कम कर दी, लेकिन एक अनमोल जान के चले जाने से हमारे दिलों में ऐसा अंधेरा छा गया जिसे कोई भी रोशनी दूर नहीं कर सकती। उस रात के बारे में बात करने के लिए शब्द खोजने में भी हमें काफी समय लग गया। धनपत अंकल, आप हमारी बिल्डिंग के सिर्फ एक गार्ड नहीं थे। आप हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा थे, आप पर हमें भरोसा था, और हमने अपने बच्चों के भविष्य में भी आपको शामिल माना था।
दिव्यांका ने आगे बताया कि वह और विवेक एक दिन अपने बेटों को उस नेक इंसान के बारे में बताएंगे, जिन्होंने घर आने पर उनका स्वागत किया था और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया था। “हम आपको बहुत याद करेंगे। और जब हमारे बच्चे थोड़े बड़े हो जाएंगे, तो हम उन्हें उस नेक इंसान के बारे में बताएंगे जिन्होंने आशीर्वाद देकर उनका घर में स्वागत किया था, जो हमारी रोजमर्रा की ज़िंदगी का एक अहम हिस्सा थे। और साथ ही, हम उन्हें यह भी सिखाएंगे कि किसी के भी होने को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। आपकी आत्मा को शांति मिले,” दिव्यांका ने पोस्ट किया।


