डेस्क : बेंगलुरु के इंदिरानगर में 31 अक्टूबर को एक दुकान में घुसकर 40 वर्षीय आरोपी प्रभुराज ने एक महिला कर्मचारी (जयश्री) को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया और उसकी सोने की मंगलसूत्र चेन (कीमत करीब 4.5 लाख रुपये) लूटने का प्रयास किया।
आरोपी ने महिला को भागने या विरोध करने से रोकने के लिए उसके दोनों हाथों पर फेविक्विक डालकर उन्हें दुकान की टेबल से चिपका दिया।
जब महिला ने शोर मचाया और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, तो हेलमेट पहने आरोपी ने महिला के गले पर चाकू अड़ा दिया। उसने भीड़ से बचने के लिए महिला को मानव ढाल की तरह इस्तेमाल किया और उसे जबरन एक ऑटो-रिक्शा की तरफ खींचने लगा।
सतर्क स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने सूझबूझ दिखाई, आरोपी का ध्यान भटकाया और उसे दबोच लिया। लोगों ने महिला को सुरक्षित छुड़ाया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़िता सुरक्षित है और उसे मामूली चोटें आई हैं। इंदिरानगर पुलिस ने आरोपी प्रभुराज (जो एक डिलीवरी एजेंट के रूप में काम करता है) को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर अवसाद से जूझ रहा था।


