डेस्क: धनतेरस से पहले सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की जा रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 3 नवंबर को सोना 1286 रुपए गिरकर 1,38,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। चांदी भी आज 4622 रुपए सस्ती होकर 1,79,157 रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी का भाव आज गिरा है। सोना का भाव 0.77 फीसदी गिरकर 3,939 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। वहीं, पिछले 24 घंटों में चांदी की कीमत 2.23% गिरकर 49.76 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 3,956 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।
दिवाली से पहले सोने की कीमतों में 500 रुपए की तेजी, चांदी स्थिर
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने की कीमत 500 रुपए बढ़कर 1,42,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। अक्टूबर में भारी गिरावट के बाद दिवाली की मांग से सोने की कीमतों में मामूली सुधार हुआ है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव शनिवार को 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी की कीमत 1.86 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। इसमें सभी कर शामिल हैं।
कारोबारियों ने कहा कि त्योहार से पहले आभूषण विक्रेताओं और खुदरा कारोबारियों की खरीदारी बढ़ने से कीमती धातुओं की घरेलू कीमतों को समर्थन मिला। डॉलर के मुकाबले रुपए में कमजोरी से भी डॉलर मूल्यवर्ग वाले सोने-चांदी की लागत बढ़ी। अक्टूबर में आई भारी गिरावट के बाद सोने की कीमतों में यह सुधार हुआ है। 30 सितंबर को सोने का भाव 1,49,300 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जिसमें अब तक 7,300 रुपए की गिरावट आ चुकी है। इसी अवधि में चांदी की कीमत 46,000 रुपए घटकर 2.32 लाख रुपए प्रति किलोग्राम से नीचे आ गई।


