डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने युवा बल्लेबाजों को लेकर बड़ा बयान दिया है। युवराज चाहते हैं कि अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन को वनडे क्रिकेट में भी नियमित मौके मिलने चाहिए। उनका मानना है कि इन खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखते हुए उन्हें 50 ओवर के फॉर्मेट से दूर रखना सही नहीं है।
युवराज सिंह ने अभिषेक, वैभव और ईशान के लिए उठाई आवाज
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह का मानना है कि अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वनडे क्रिकेट में भी खेलने का मौका मिलना चाहिए। युवराज लंबे समय से अभिषेक को मार्गदर्शन देते रहे हैं और उनकी बल्लेबाजी को करीब से समझते हैं। उन्होंने साफ कहा कि इन खिलाड़ियों को 50 ओवर के फॉर्मेट में मौका नहीं देना उनकी प्रतिभा के साथ नाइंसाफी होगी।
युवराज सिंह ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘मैं ईमानदारी से अभिषेक को वनडे क्रिकेट में खेलते हुए देखना चाहूंगा। मैं पहले भी कह चुका हूं कि अगर हम ईशान किशन, अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को 50 ओवर के क्रिकेट में नहीं चुनते हैं, तो कहीं न कहीं हम उनकी प्रतिभा के साथ नाइंसाफी कर रहे हैं।’
सीनियर खिलाड़ियों की जगह बनाना मुश्किल, लेकिन युवाओं को भी मिले मौका
युवराज ने आगे कहा, ‘मैं समझता हूं कि हमारे पास कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल है। लेकिन जिस तरह ये युवा बल्लेबाज प्रदर्शन कर रहे हैं, उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही टीम में जगह मिलनी चाहिए। अभिषेक ने जो कुछ हासिल किया है, वह उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है और इसका पूरा श्रेय उन्हें ही जाता है।’
टी20 क्रिकेट में तीनों खिलाड़ियों ने दिखाई है अपनी ताकत
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई है। ईशान किशन ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया था। वहीं अभिषेक अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से लगातार प्रभावित कर रहे हैं। दूसरी ओर युवा वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी करके सुर्खियां बटोरी हैं।
ईशान किशन की वनडे टीम में हो चुकी है वापसी
ईशान किशन की वनडे टीम में वापसी कुछ महीने पहले हुई थी। उन्होंने अफगानिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा लिया था। लखनऊ में खेले गए वनडे मुकाबले में ईशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 125 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ दो मुकाबलों में वह बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे थे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी ईशान किशन भारतीय टीम का हिस्सा हैं। वह अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए बैकअप ओपनर और विकेटकीपर के विकल्प बन सकते हैं। सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में वह श्रेयस अय्यर के उपकप्तान की भूमिका भी निभाएंगे।
वैभव सूर्यवंशी के आंकड़े भी हैं शानदार
वैभव सूर्यवंशी भले ही अभी बहुत युवा हैं, लेकिन लिस्ट ए क्रिकेट में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 13 मुकाबलों में 43.48 की औसत और 176.80 के शानदार स्ट्राइक रेट से 564 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और दो अर्धशतक दर्ज हैं।
यशस्वी जायसवाल भी ओपनिंग के बड़े दावेदार
भारतीय वनडे टीम में ओपनिंग के लिए यशस्वी जायसवाल भी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। उन्होंने अब तक सिर्फ छह वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें दो शतक की मदद से 285 रन बनाए हैं। उनका औसत 71.25 और स्ट्राइक रेट 97.60 का रहा है। ऐसे में रोहित शर्मा के बाद ओपनिंग की जगह के लिए कई खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।


