बिहार

बिहार विधान परिषद चुनाव: तेजस्वी यादव ने एनडीए की हार को बताया बदलाव का संकेत

डेस्क:राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर विजयी सभी प्रत्याशियों को बधाई दी है। उन्होंने राजद के विजेता उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार और अनिल झा को विशेष शुभकामनाएं देते हुए मतदाताओं के प्रति आभार जताया। तेजस्वी ने इन चुनाव परिणामों को एनडीए सरकार की नीतियों के खिलाफ शिक्षित समाज का जनादेश करार दिया और इसे बिहार में बदलाव का पैगाम बताया। तेजस्वी यादव ने एक बयान जारी कर कहा कि दशकों बाद राजद के उम्मीदवारों की जीत पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में शिक्षित समाज ने एनडीए सरकार के भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग, शिक्षकों एवं युवाओं के खिलाफ भाजपा की दमनात्मक कार्रवाई और जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध अपना संदेश दिया है। राजद नेता ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने समाज के सभी वर्गों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, धर्म और आस्था के मुद्दों के साथ-साथ सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल के जरिए जनता का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों से भटकाया गया है।
उनके मुताबिक, चुनाव परिणाम जनता की इसी नाराजगी को दर्शाते हैं। तेजस्वी यादव ने बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद बिहार विधान परिषद के भोजपुर स्थानीय प्राधिकार उपचुनाव और मौजूदा चुनावों में एनडीए की हार कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को ‘मनी, मशीन और एडमिनिस्ट्रेटिव मशीनरी’ के इस्तेमाल से जीत मिली थी।
उन्होंने इन चुनाव परिणामों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता की राय का महत्वपूर्ण संकेत बताते हुए कहा कि शिक्षकों, स्नातकों और युवाओं से जुड़े मुद्दों की अनदेखी अब स्वीकार्य नहीं है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई देने के साथ मतदाताओं का अभिनंदन किया और उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। तेजस्वी यादव के इस बयान से बिहार में चुनावी नतीजों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *