डेस्क: कई लोगों की सुबह की दिनचर्या में एक कप गरमा-गरम चाय का होना बहुत जरूरी है। ज़्यादातर लोग इस बात पर ध्यान देते हैं कि चाय में कितनी चीनी डाली गई है या किस तरह की चाय की पत्तियों का इस्तेमाल हुआ है, लेकिन चाय का सही तापमान क्या होना चाहिए, इस पर शायद ही किसी का ध्यान जाता है। बहुत ज़्यादा गर्म चाय की चुस्की लेने की आदत आपके शरीर को नुकसान दे सकती है। चलिए समझते हैं इसके बारे में विस्तार से।
क्या कहते हैं आंकड़े
एक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग अपनी ड्रिंक “बहुत गर्म” लेते हैं, उनमें “गर्म” (सामान्य तापमान वाली) चाय या कॉफी पीने वालों की तुलना में कैंसर का खतरा लगभग तीन गुना अधिक होता है। बहुत अधिक गर्म तरल पदार्थ पेट तक पहुंचने के रास्ते में, भोजन नली (फूड पाइप) की अंदरूनी परत की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मध्यम आयु वर्ग के पुरुषों और महिलाओं के आंकड़ों के अनुसार, दिन में छह या उससे अधिक गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने से भी जोखिम बढ़ जाता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि, हालांकि पेय पदार्थों में दूध मिलाने से वे थोड़े ठंडे हो सकते हैं, फिर भी दूध वाली चाय या कॉफी बहुत अधिक गर्म हो सकती है।
संभल कर पिएं गर्म चीजें
डॉक्टर समझाते हैं कि “जब बहुत गर्म चाय से कैंसर के संभावित खतरों की बात आती है, तो मुख्य चिंता गले के हर तरह के कैंसर को लेकर नहीं, बल्कि विशेष रूप से इसोफेगस यानी फूड पाइप को लेकर होती है। फूड पाइप की परत एपिथेलियल कोशिकाओं से बनी होती है, जो इसके नीचे के ऊतकों (tissues) की रक्षा करती हैं। बहुत गर्म तरल पदार्थ पीने से इस परत को नुकसान पहुंच सकता है, और बार-बार ऐसा होने से ऊतकों को लगातार नुकसान पहुंच सकता है और उनकी मरम्मत (repair) होती रह सकती है। तो, यह चिंता सिर्फ चाय या कॉफी तक ही सीमित नहीं है। सर्दियों में पिया जाने वाला गर्म सूप भी ऐसा ही हो सकता है।
तापमान का रखे ख्याल
डॉक्टरों की मानें तो कोई भी पेय पदार्थ जो बहुत अधिक तापमान पर हो, वह भोजन नली (फूड पाइप) की सुरक्षात्मक परत को नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि शरीर क्षतिग्रस्त ऊतकों की स्वाभाविक रूप से मरम्मत कर लेता है, लेकिन बार-बार होने वाला नुकसान और उसकी मरम्मत कैंसर से जुड़े बदलावों में भूमिका निभा सकती है। बहुत गर्म पेय पदार्थों का सेवन ही एसोफेजियल कैंसर का एकमात्र जोखिम कारक नहीं है। डॉक्टर ने तंबाकू के इस्तेमाल और शराब के सेवन जैसे अन्य स्थापित जोखिम कारकों की ओर भी इशारा किया है। वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसियों के अध्ययनों और दिशानिर्देशों के आधार पर, डॉक्टर ने सलाह दी है कि 60–65°C से अधिक तापमान वाले पेय पदार्थों के सेवन से बचें और चाय को पीने से पहले इतना ठंडा होने दें कि वह आरामदायक तापमान पर आ जाए।


