बिहार

एमएलसी चुनाव : पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद ने भाजपा से छीनी सीट, दरभंगा से खुला जनसुराज का खाता

डेस्क:बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कई सीटों पर उलटफेर देखने को मिला है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव को हराकर जीत दर्ज की है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज पार्टी के सुरेश राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मदन मोहन झा को पराजित किया। सारण शिक्षक सीट से भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. राहुल राज ने जीत हासिल की, जबकि तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी रहे। जीत के बाद डॉ. संजीव कुमार ने मीडिया से बातचीत में इसे शिक्षक समाज की जीत और अधर्म पर धर्म की जीत बताया। उनके अनुसार, पिछले 30 वर्षों से अन्याय हो रहा था और फर्जी वोटों के सहारे जीत हासिल की जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि पूरी राजनीतिक ताकत उनके खिलाफ लगी थी, इसके बावजूद उन्होंने जीत दर्ज की। संजीव कुमार ने अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान पुलिस-प्रशासन का इस्तेमाल किया गया और तीन-तीन कमिश्नरों को बदला गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री से लेकर पूरा मंत्रिमंडल उन्हें हराने में लगा था।
राजद प्रत्याशी ने कहा कि वह शिक्षक समाज से किए गए वादों को ईमानदारी और मजबूती के साथ पूरा करेंगे। विधान परिषद में शिक्षकों की आवाज बुलंद करेंगे और सरकार को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करने को बाध्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पटना शिक्षक सीट पर 30 साल पुराने किले को तोड़ने के बाद वह आगे भी भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 82.85 प्रतिशत जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 53.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। चुनाव में कुल 150 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 60 प्रत्याशी शामिल थे।
पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान कराया गया था। मंगलवार सुबह संबंधित प्रमंडलीय मुख्यालयों में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू हुई। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना का कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *