राष्ट्रीय

जज के सामने मुकर गई प्रेमिका, इनकार पर कोर्ट में रेलिंग से लटका प्रेमी

डेस्क: जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट में सोमवार को बड़ा बवाल हुआ. यहां एक 22 वर्षीय युवक खुदकुशी के इरादे से एडवोकेट चैंबर की बालकनी की रेलिंग से लटक गया. संयोग ठीक था कि वहां मौजूद वकीलों की नजर पड़ गई और उसे बचा लिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में चालान किया है. पुलिस के मुताबिक कोर्ट में युवक की गर्लफ्रेंड ने उसके साथा जाने से इनकार कर दिया था.
युवक की पहचान बाड़मेर रोड (गंगाणा) के रहने वाले अरबाज खान के रूप में हुई है. इस युवक ने जोधपुर हाईकोर्ट में बंदीप्रत्यक्षीकरण की अर्जी दाखिल की थी. आरोप लगाया था कि उसकी गर्लफ्रेंड को उसके परिवार वालों ने बंधक बना लिया है. युवक की अर्जी पर संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस को आदेश देते हुए लड़की को कोर्ट में पेश करने को कहा था. हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने नारी निकेतन से लाकर युवती को कोर्ट में पेश किया था.

कोर्ट में पेशी के दौरान लड़की से पूछा गया कि वह प्रेमी के साथ जाना चाहेगी कि परिजनों के साथ. इसके जवाब में लड़की ने अपनी बुआ के साथ जाने की इच्छा जताई. वहीं युवक के साथ प्रेम प्रसंग की बात से भी मुकर गई. लड़की के इस बयान से युवक को सदमा लगा और हाईकोर्ट परिसर में ही एडवोकेट चैंबर की रेलिंग से लटककर खुदकुशी करने की कोशिश की. हालांकि वकीलों ने उसे सुरक्षित बचा लिया है.
इसी मामले से जुड़ा एक फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट का भी मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि लड़की के परिवार वालों ने युवक अरबाज पर शादी का एक फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट बनाने का आरोप लगाया है. इस संबंध में परिवार ने अलग से सिविल रिट दाखिल की थी. कोर्ट ने इस रिट को स्वीकार किया है, हालांकि इस पर कोई फैसला नहीं दिया है. इस मामले में कोर्ट ने सुनवाई के लिए 20 नवंबर 2026 की डेट मुर्करर की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *