अंतरराष्ट्रीय

यूरोप के प्रदर्शनों पर पीयूष गोयल का तंज, बोले-‘भारतीय सड़कों पर उतरकर अशांति नहीं फैलाते’

डेस्क: केंद्रीय मंत्री (Union Minister) पीयूष गोयल (Piyush Goyal ) इस समय जर्मनी और नीदरलैंड (Germany and the Netherlands) के दौरे पर हैं. यहां उन्होंने भारतीय समुदाय (Indian community) के सम्मान और यूरोप में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि दूसरे देशों में भारतीयों का सम्मान किया जाता है, क्योंकि वहां के लोग जानते हैं कि भारतीय आमतौर पर शांतिप्रिय होते हैं और समाज में अशांति नहीं फैलाते.
पीयूष गोयल ने कहा, ‘इस देश में भारतीयों को काफी सम्मान मिलता है और उनका स्वागत किया जाता है. यहां के लोग जानते हैं कि भारतीय तोड़फोड़ नहीं करते और न ही सड़कों पर उतरकर समाज में अशांति फैलाते हैं. जैसा कि यूरोप के कुछ अन्य हिस्सों में देखने को मिल रहा है.’

उन्होंने भारत वासियों की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय समुदाय शांतिप्रिय है. भारतीय अपने परिवारों के साथ रहते हैं और उनकी देखभाल करते हैं. उनके मुताबिक, यही वजह है कि दूसरे देशों में भारतीय समुदाय को सम्मान की नजर से देखा जाता है.
पीयूष गोयल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत ने फ्रांस, इटली और अन्य यूरोपीय देशों में रहने वाले अपने नागरिकों को हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है. विदेश मंत्रालय का कहना है कि यूरोप में रहने वाले भारतीय सतर्क रहें और यात्रा करते समय सावधानी बरतें.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि फ्रांस, इटली और बेल्जियम में भारतीय मिशन हालात पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और भारतीय समुदाय के लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं.
प्रभावित देशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई से जुड़े एक सवाल के जवाब में जायसवाल ने कहा, ‘उन्हें सतर्क रहने, बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और उन इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है जहां विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *