बिहार

बात का बतंगड़ बनाया जा रहा है’, खड़गे के विवादित बयान पर बोले तेजस्वी यादव

डेस्क:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान के बाद से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के नेताओं ने जहां खड़गे से माफी की मांग की है, वहीं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इसे बात का बतंगड़ बताया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि छोटी सी बात का बतंगड़ बनाया जा रहा है। सरकार में बैठे लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई, लोगों की समस्याओं के समाधान या कोई ठोस कदम उठाने पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं। वे बिहार की जनता के लिए कुछ भी नहीं कर रहे हैं। बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार के मामले बढ़ रहे हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जब से यह सरकार बनी है, तब से कोई भी ठोस काम नहीं हुआ है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह के खिलाफ की गई कार्रवाई पर तेजस्वी यादव ने कहा कि जब विश्वास मत चल रहा था, तब हमारे तीन विधायकों, नीलम देवी, आनंद मोहन के बेटे और प्रह्लाद यादव, ने सरकार का समर्थन किया था। उस समय हमने पहले ही कह दिया था कि जो लोग उस पक्ष का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें आगे चलकर पता चल जाएगा कि उनके साथ क्या होने वाला है। आज आनंद मोहन परेशान हैं, और प्रह्लाद यादव को तो टिकट तक नहीं मिला। उनकी हालत सबके सामने है। तीसरे विधायक अनंत सिंह की स्थिति को ही देख लीजिए, उनके साथ क्या हुआ है। इन तीनों ने पार्टी के साथ धोखा किया था। हमने उन्हें उस समय ही चेतावनी दी थी कि भविष्य में उन्हें इसके क्या नतीजे भुगतने पड़ेंगे। आज हमारी वह बात सच होती दिख रही है। हमने एक और भविष्यवाणी की थी कि नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं, बात सही साबित हुई। चुनावों के दौरान नीतीश कुमार का सिर्फ चेहरा इस्तेमाल किया गया। चुनाव के बाद हमने कहा था कि जदयू खत्म हो जाएगी। यह भविष्यवाणी भी सही साबित हो रही है।
डबल इंजन की सरकार को तेजस्वी यादव ने ठग बताते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोग जनता को ठगने का काम कर रहे हैं।
दूसरी ओर, खड़गे वाले मामले पर कांग्रेस नेता दानिश अली ने कहा कि खड़गे साहब के पूरे बयान के संदर्भ को समझना चाहिए। इस देश में जो कोई भी वोट चुराकर सरकार बनाने में शामिल है, चाहे वह कोई भी हो, हर किसी के खिलाफ कार्रवाई होगी और हर कोई जेल जाएगा। संविधान के दायरे में रहकर लोकतंत्र को बचाने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में वोट चोरी के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी जा रही है, उसे भटकाया नहीं जा सकता।
वहीं, ममता बनर्जी गुट के सांसद सौगत रॉय ने खड़गे के बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा। खड़गे एक वरिष्ठ नेता हैं और उनकी उम्र 83 साल है। बैठक के दौरान किसी ने उनसे कुछ कहा, तो उन्होंने बयान दिया। इसमें गलत क्या है? मुझे समझ नहीं आता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *