डेस्क: हाल ही में सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिली थी। आज (सोमवार, 26 अक्टूबर को) दोनों कीमती धातुओं में फिर उछाल आया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 683 रुपए की बढ़त के साथ 1,42,707 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 758 रुपए की तेजी के साथ 1,96,477 रुपए प्रति किलोग्राम पर है।
इंटरनेशनल मार्केट में आई तेजी?
इंटरनेशनल मार्केट यानी Comex पर सोने और चांदी दोनों के दाम में उछाल आया है। Comex पर सोना 0.51% तक चढ़ गया और कीमत 4,028.40 डॉलर प्रति औस पर पहुंच गई हैं। वहीं चांदी के दाम 0.90% तक चढ़ गए और ऐसे में कीमत 54.435 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी।
बीते सप्ताह गिरे थे दाम
पिछले हफ्ते कोमेक्स गोल्ड फ्यूचर्स $173.20 यानी 4.14% गिरकर प्रति औंस $4,007.90 और सिल्वर फ्यूचर्स $3.35 यानी करीब 6% फिसलकर प्रति औंस $53.95 पर आ गया। घरेलू मार्केट में कमोडिटी एक्सचेंज MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स प्रति 10 ग्राम ₹5,768 यानी करीब 4% गिरकर ₹1.42 लाख तो सिल्वर फ्यूचर्स ₹15,087 यानी 7.14% फिसलकर प्रति किग्रा ₹1.96 लाख पर आ गया। आज इनमें हल्की बढ़त आई।


