डेस्क:पटना। बिहार की राजधानी पटना के बापू सभागार में रविवार को आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक कार्यकर्ता के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंच से अपना आपा खो बैठे। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर तीखी व अमर्यादित टिप्पणी कर दी, जिसके बाद सभागार में मौजूद लोगों ने उस कार्यकर्ता की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद देश का राजनीतिक पारा चढ़ गया है और भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। मंच से भड़के खड़गे, कार्यकर्ता की हुई पिटाई यह घटना बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह के दौरान हुई-कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे केंद्र सरकार की नीतियों पर भाषण दे रहे थे। इसी दौरान संतोष नामक एक कांग्रेस कार्यकर्ता बीच में खड़ा हुआ और बोला कि केवल शांत बैठने से मोदी जी नहीं जाने वाले हैं; जब तक देश में व्यापक विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सरकार नहीं हटेगी।
खड़गे की टिप्पणी : कार्यकर्ता की बात सुनते ही खड़गे भड़क गए और मंच से उत्तेजित होकर बोले—”मोदी क्या, उसका बाप भी जाएगा।” उन्होंने इस वाक्य को तीन बार दोहराया।
सुनने के लिए यहां क्लिक कीजिए
सभागार में मारपीट: खड़गे के इस बयान के तुरंत बाद कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने संतोष को मोदी समर्थक समझकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उस कार्यकर्ता को सुरक्षित बाहर निकाला।
पिटाई के शिकार कार्यकर्ता की सफाई: पीड़ित कार्यकर्ता संतोष ने बाहर आकर मीडिया से कहा कि खड़गे उनकी बात का मर्म समझ नहीं पाए। उनका आशय यह था कि केवल सामान्य विरोध से सत्ता परिवर्तन संभव नहीं है, बल्कि विपक्ष को आक्रामक आंदोलन की रणनीति अपनानी होगी।
गृह मंत्री अमित शाह का पलटवार: ‘कांग्रेस रोज लांघ रही अभद्रता की सीमाएं’
कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ा ऐतराज जताते हुए सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी:
पारिवारिक मर्यादा पर चोट: अमित शाह ने कहा कि खड़गे ने प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर राजनीतिक शुचिता और मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है।
पुराने बयानों का उल्लेख: उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस ने पीएम मोदी या उनके परिवार को निशाना बनाया हो। इससे पहले कभी उनकी दिवंगत माताजी को अपशब्द कहे गए, कभी ‘मौत का सौदागर’ कहा गया, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी पृष्ठभूमि का उपहास उड़ाया गया।
राहुल गांधी पर निशाना: गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज राजनीतिक मर्यादा और शालीनता की सीमाएं लांघ रही है।
बिहार में भाजपा का कड़ा विरोध, माफी की मांग
इस बयान को लेकर बिहार की सियासत में भी उबाल आ गया है- बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री के पिता पर की गई टिप्पणी को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को पूरे देश से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा का तीखा हमला : भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि जिस भाषा का इस्तेमाल कभी असामाजिक तत्वों द्वारा किया जाता था, आज देश की सबसे पुरानी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वही भाषा बोल रहे हैं। भाजपा ने कांग्रेस की कार्यशैली को राजनीतिक दल के बजाय एक ‘माफिया गैंग’ जैसा करार दिया।


