बिहार

बिहार: गयाजी में दारोगा पुत्र हत्याकांड के दो आरोपी मुठभेड़ में घायल, हथियार और गोली बरामद

डेस्क:बिहार के गयाजी जिले में दारोगा के बेटे रानू सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भिक्षा गांव में गुरुवार की देर रात करीब दो बजे पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हत्याकांड के दो आरोपी श्याम बिहारी और गौरव उर्फ काला के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी गांव के आहर के पास जूट हुए है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस वहां पहुंची थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से एक पिस्तौल, एक कट्टा और कुछ गोली बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी श्याम बिहारी का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस हत्याकांड के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी अभियान के तहत भिक्षा गांव में पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हुई।
यह मामला 19 अक्टूबर 2026 की रात का है। मानपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नौरंगा आहार के पास स्थित सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में अपराधियों ने दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों पर गोलीबारी की थी। सुधांशु शेखर वर्तमान में मोतिहारी में दरोगा के पद पर तैनात हैं। गोलीबारी में उनके छोटे बेटे रानू सिंह की मौत हो गई थी, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले किसी विवाद को लेकर दोनों भाइयों को फोन कर मौके पर बुलाया गया था। आरोप है कि उनके पहुंचते ही अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। शुरुआती जांच में पुराना विवाद और जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद की आशंका सामने आई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। दो आरोपियों के मुठभेड़ में घायल होने के बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *