अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का वित्तीय सशक्तीकरण करने पर हुआ मंथन
पटना (निशांत झा) : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2025 को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, बिहार द्वारा महिलाओं का वित्तीय सशक्तीकरण करने के रूप में मनाया गया। साथ ही, महिलाओं को अंगदान के लिए प्रेरित किया गया, ताकि देश में मानव अंगों का अधिकाधिक दान कर लोगों का जीवन बचाया जा सके। आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बिहार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि इस बार केंद्रीय नेतृत्व द्वारा ‘महिलाओं का वित्तीय सशक्तीकरण’ विषय दिया गया है। कार्यक्रम में महिलाओं के साथ चर्चा हुई और महिलाओं के हित की योजनाओं पर उन्हें जागरूक किया गया।
डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि समाज की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनानेवाली स्कीमों का लाभ दिलाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। महिलाओं के वित्तीय सशक्तीकरण के साथ ही इस बार ‘अंगदान’ विषय को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही जरूरी विषय है। हमारे अंगों से किसी के जीवन में रोशनी हो, ऐसा प्रयास भाजपा महिला मोर्चा करेगी। डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि इसके लिए महिला मोर्चा की तरफ से विशेष रूप से अभियान भी चलाए जाएंगे।
डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का वित्तीय सशक्तीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया स्लोगन है। जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागड़ोर संभाली है, तभी से महिलाओं के उत्थान के लिए, उनको सशक्त बनाने और महिलाओं की वित्तीय मजबूती के लिए बहुत सारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। डबल इंजन की भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वावलंबन हेतु संकल्पबद्ध है। बिहार प्रदेश में रहनेवाली महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मानित भी किया जाएगा, जिन्होंने समाज में अच्छे काम किए हैं। महिलाओं का सशक्तीकरण भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की प्राथमिकता है।
मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर महिलाओं के लिए ऐतिहासिक काम हुआ है। महिलाओं के लिए कई सौगात हमलोगों ने बजट में लाए हैं, चाहे पिंक टॉयलेट हो, पिंक बस हो, स्वयं सहायता समूह को और मजबूत करने का काम हमारी सरकार ने किया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं का सशक्तीकरण और महिलाओं के सम्मान की बात होनी चाहिए।
कार्यक्रम को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जयसवाल, संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, उपमुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय एवं मंत्री नीतीश मिश्रा ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर विधान परिषद की सदस्य निवेदिता सिंह, सजल झा, मीना झा एवं शीला प्रजापति समेत महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।