राष्ट्रीय

कोलकाता में 19 मौतों के बाद एक्शन में आई सरकार, बड़े पंडालों की चेकिंग शुरू

डेस्क: पश्चिम बंगाल में बड़े दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए बनाई गई हाईलेवल कमेटी ने रविवार से कोलकाता के प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा शुरू कर दिया. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार शाम उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ के बाद इस कमेटी के गठन का ऐलान किया था. इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 25 लोग घायल हुए थे.
कमेटी में आपदा प्रबंधन सचिव राजेश कुमार सिंह और फायर सर्विसेज के डायरेक्टर जनरल अनुज शर्मा शामिल हैं. कमेटी ने अपना दौरा सियालदह स्टेशन के पास स्थित संतोष मित्र स्क्वायर से शुरू किया. यह पंडाल अपनी अलग-अलग थीम के लिए जाना जाता है और यहां बड़ी संख्या में लोग पूजा देखने पहुंचते हैं. कमेटी के सदस्यों ने यहां एंट्री और एग्जिट गेट के साथ लाइटिंग की व्यवस्था का जायजा लिया.

इस पंडालों का दौरा करेगी टीम
अधिकारियों के मुताबिक, कमेटी कोलकाता के कई ऐसे बड़े दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा करेगी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस दौरान पंडालों में सुरक्षा और भीड़ को संभालने की तैयारियों की जांच की जाएगी. कमेटी यह भी देखेगी कि लोगों के आने और बाहर निकलने के लिए पर्याप्त जगह है या नहीं.
प्रशासन ने पंडालों में ज्यादा चौड़े एग्जिट पॉइंट रखने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और अस्थायी रस्सियों से बनाए गए घेरों के कारण होने वाली रुकावटों को हटाने पर जोर दिया है. प्रशासन का कहना है कि भीड़ के दौरान लोगों की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए इन व्यवस्थाओं को बेहतर करना जरूरी है. कमेटी का दौरा इसी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा का हिस्सा है. शनिवार देर शाम हुए हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी और ममता बनर्जी ने दुख जताया. वहीं, TMC ने हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *