होली मिलन समारोह में उमड़ा जनसैलाब, सांसद सहित हजारों भाजपा कार्यकर्ता हुए रंगों में सराबोर
बोले सांसद- समाज में आपसी भाईचारे तथा सद्भावना के साथ उल्लास का पर्व है होली
दरभंगा (निशांत झा) : होली का त्यौहार केवल रंगों का पर्व नहीं है, बल्कि यह पर्व हमें जीवन में आनंद की अनुभूति तथा दूसरों के साथ खुशी मनाते हुए जीने का संदेश भी देता है। आपसी भाईचारे तथा सद्भावना के वातावरण में एक-दूसरे को रंग और गुलाल के साथ समाज में खुशी का पैगाम देना ही होली पर्व का संदेश है। दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपालजी ठाकुर ने आज बिरौल अनुमंडल मुख्यालय में भाजपा के द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में भाग लिया तथा हजारों कार्यकर्ताओं के साथ होली मिलन का आनंद लिया।
इस मौके पर भाजपा पूर्वी के जिलाध्यक्ष विनय पासवान, भाजपा नेता मणिकांत मिश्रा सहित सभी मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने सांसद को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। सांसद डॉ. ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। इस मौके पर पार्टी नेता श्रवण चौधरी, मंडल अध्यक्ष हीरा ठाकुर, पिंटू झा, विकास विवेक चौधरी जैसे कार्यकर्ताओं ने ‘जोगिरा सारारारा’ जैसे होली के गीत गाकर वातावरण को भावविभोर कर दिया।
होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि होली पर्व न केवल एक त्यौहार है, बल्कि हमारे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का प्रतीक भी है जो हमें सिख देता है कि हम अपने परिवार और समाज को सदैव आनंदित रखें।
सांसद डॉ. ठाकुर ने होली के रंगों को सनातन संस्कृति की महान विरासत बताते हुए कहा कि इस पर्व को उल्लास के साथ मनाकर हमें अपनी संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह दरभंगा संसदीय क्षेत्र में हर जगह कार्यकर्ताओं के द्वारा मनाए जाने वाले होली मिलन समारोह में भाग लेंगे तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ इस पर्व में सहभागी बनेंगे। सांसद डॉ. ठाकुर ने होली पर्व को शांति और प्रेम के वातावरण में मनाए जाने का आह्वान करते हुए कहा कि बगैर किसी को दुख पहुंचाए अपने पर्व का आनंद लेना ही भारतीत संस्कृति की पहचान है।
इस मौके पर भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ ही लोकसभा क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ताओं ने होली मिलन का आनंद लिया।