अर्थ

एक्सिस बैंक का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 39 प्रतिशत बढ़कर 7,704 करोड़ रुपए पर

डेस्क: निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक ने शनिवार को बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 39.4 प्रतिशत बढ़कर 7,704.67 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की समान अवधि में बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ 5,527.85 करोड़ रुपए था। बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि एकल आधार पर उसका शुद्ध लाभ सितंबर तिमाही में 37.6 प्रतिशत बढ़कर 7,003.28 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5,089.64 करोड़ रुपए था।

दूसरी तिमाही में बैंक का परिचालन लाभ छह प्रतिशत बढ़कर 11,083 करोड़ रुपए हो गया। बैंक का मुख्य परिचालन लाभ 11 प्रतिशत उछलकर 10,998 करोड़ रुपए रहा। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में परिचालन लागत सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़ी। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 15,371 करोड़ रुपए रही, जो पिछली तिमाही से पांच प्रतिशत और सालाना आधार पर 12 प्रतिशत अधिक है।
एक बयान के अनुसार दूसरी तिमाही में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) 3.36 प्रतिशत रहा। बैंक का कुल ऋण 30 सितंबर, 2026 तक सालाना आधार पर 23 प्रतिशत और तिमाही आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 13,73,727 करोड़ रुपए पहुंच गया। खुदरा ऋण सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 7,39,905 करोड़ रुपए रहा और कुल शुद्ध ऋण में इसकी हिस्सेदारी 54 प्रतिशत रही। समीक्षाधीन तिमाही में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) अनुपात सुधरकर 1.16 प्रतिशत रहा, जो सालाना आधार पर 0.30 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 0.12 प्रतिशत कम है। शुद्ध एनपीए 0.35 प्रतिशत रहा, जो सालाना आधार पर 0.09 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 0.04 प्रतिशत कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *