डेस्क: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के एक गांव में कथित खाद्य विषाक्तता से एक दंपति और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, महेश (37), पत्नी ललिता (35), बेटी मिष्टी (सात) और बेटे लड्डू (11) तथा साक्षत (तीन) शनिवार सुबह नगला श्री पदम गांव में मृत पाए गए।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला खाद्य विषाक्तता का लग रहा है। स्थानीय लोगों और महेश की मां के अनुसार, परिवार ने पिछली रात नूडल्स खाए थे। घटना के बाद फॉरेंसिक अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


