डेस्क: ओडिशा के मयूरभंज जिले में बृहस्पतिवार शाम एम्बुलेंस में ऑक्सीजन का सिलेंडर फटने से एक मरीज की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान उडाला थाना क्षेत्र के कुंडाबाई निवासी सुजोश बारीक (35) के रूप में हुई है। वह गंभीर रक्त संक्रमण से पीड़ित था और उसे इलाज के लिए भुवनेश्वर के एक अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी उडाला उप-मंडलीय अस्पताल के बाहर यह हादसा हुआ।
उडाला थाना प्रभारी बनमाली बारीक ने बताया, ”ऑक्सीजन सिलेंडर के विस्फोट से एम्बुलेंस में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से मरीज की मौत हो गई। वहीं, मरीज को बचाने के प्रयास में दो अन्य लोग भी झुलस गए।” एम्बुलेंस को एक निजी संचालक से किराए पर लिया गया था और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।


