बिहार

पटना में सीईसी के खिलाफ आंदोलन पर मनोज झा बोले- ‘लोकतंत्र के लिए यह मुश्किल समय, अब निरंतरता में होंगे प्रदर्शन

डेस्क:राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पटना में विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन अब निरंतरता में होंगे, क्योंकि लोकतंत्र के लिए यह बेहद मुश्किल समय है। राजद सांसद मनोज झा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह प्रदर्शन अब निरंतरता में होंगे, क्योंकि लोकतंत्र के लिए यह बेहद मुश्किल समय है। इनकी (सीईसी ज्ञानेश कुमार) की सदारत में कोई भी चुनाव निष्पक्ष नहीं होगा। ये साक्ष्यों और सबूतों के आधार पर स्पष्ट हो चुका है। बाकी सर्वोच्च न्यायालय ने ‘फॉर्म-6’ की स्पष्ट बात की। इसलिए उनके पास मुंह छिपाने के लिए कुछ नहीं है।” केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के ‘इंडिया गठबंधन’ को लेकर दिए गए बयान ‘वोट चोरी नहीं हुई है, इनकी बुद्धि चोरी हो गई है’ पर मनोज झा ने कहा, “अगर शिवराज सिंह चौहान ने वो इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट नहीं पढ़ी है तो उन्हें वह पढ़नी चाहिए। यह विपक्ष के दिमाग में नहीं उपजा था। लोगों ने मेहनत करके, चाहे वह मीडिया हो या अन्य संस्थान, रिपोर्ट दी, उनकी अक्ल चोरी नहीं हुई।”
मनोज झा ने कहा, “शिवराज सिंह चौहान से यह सब बुलवाया जा रहा है। आपको मुख्यमंत्री के रूप में देखा और अभी केंद्रीय मंत्री के रूप में देख रहा हूं, लेकिन ट्रांसमोगरिफिकेशन का इतना अद्भुत उदाहरण हम कम देखा है।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से एक बार फिर विपक्षी सांसदों के लिए लंच के आयोजन पर राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा कि यह देखने वाली बात है कि इस एकजुटता के मायने आने वाले दिनों में क्या निकलने वाले हैं।
पिछले लंच से एआईटीएमसी और समाजवादी पार्टी के सांसदों की गैर-मौजूदगी के सवालों पर मनोज झा ने कहा, “यह अच्छा है कि भाजपा इन खबरों को प्लांट करा रही है। यह उसी के लिए नुकसानदेह होगा।” मनोज झा ने यह भी कहा कि एआईटीएमसी के सांसद वहां थे। वे सांसद पहले से ही दिल्ली में थे और हमारे साथ बस में भी थे। उन्होंने आगे कहा, “दूसरी बात यह है कि यह कार्यक्रम आनन-फानन में तय हुआ था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *