अजब-गजब

अजीबोगरीब चोरी: सड़क बनी तो लोगों ने ही कर दी ‘खुदाई’, ताजा सीमेंट तसले में भरकर घर ले जाने का Video वायरल

डेस्कः सोशल मीडिया पर एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग सड़क बनाने के लिए डाली गई ताजी सीमेंट चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह अजीबोगरीब मामला बिहार का है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान रह गए हैं और स्थानीय लोगों के ‘सिविक सेंस’ पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

फावड़ा और तसला लेकर पहुंचे लोग, घर की मरम्मत में किया इस्तेमाल
वायरल वीडियो के अनुसार, सड़क पहले टूटी हुई थी जिसे बनाने के लिए उस पर सीमेंट और कंक्रीट का ताज़ा मसाला डाला गया था। हालांकि, सड़क सूख पाती, उससे पहले ही स्थानीय लोग फावड़ा, तसला और टब लेकर मौके पर पहुंच गए। वीडियो में लोग ताजी सड़क से सीमेंट उखाड़कर बर्तनों में भरकर अपने घर ले जाते हुए दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, लोग इस चुराए गए सीमेंट को घर ले जाकर विभिन्न चीजों की मरम्मत में इस्तेमाल कर गए।

यूजर्स में भारी आक्रोश, ठेकेदार और प्रशासन पर उठाए सवाल
इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। लोग इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत और नागरिक बोध (Civic Sense) की कमी पर कड़ा ऐतराज जता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ऐसी स्थिति बनते ही ठेकेदार को तुरंत पुलिस बुला लेनी चाहिए थी। वहीं, एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए टिप्पणी की कि एक तो क्षेत्र में सड़कें समय पर नहीं बनतीं और जब बनती भी हैं, तो लोग सीमेंट ही चोरी करके ले जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *