राष्ट्रीय

AI से बनाई फर्जी मार्कशीट, 2nd ईयर में एडमिशन लेकर दिया एग्जाम

डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर (Indore) में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (Devi Ahilya University) से संबद्ध धार के एक सरकारी कॉलेज (Government College) में पढ़ने वाली बीए की छात्रा (Student) द्वारा एआई (AI) की मदद से फर्जी मार्कशीट (Fake Marksheet) तैयार कर सेकंड ईयर में दाखिला लेने का मामला सामने आया है. छात्रा ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर न केवल बीए सेकंड ईयर में प्रवेश लिया, बल्कि इसी आधार पर परीक्षा भी दे दी. जानकारी के मुताबिक छात्रा बीए फर्स्ट ईयर की परीक्षा में शामिल हुई थी.

परीक्षा परिणाम जारी होने पर एक विषय में उसकी सप्लीमेंट्री आई थी. इसके बाद छात्रा ने कथित तौर पर एआई की मदद से अपने मूल परीक्षा परिणाम में बदलाव कर उसे पास दर्शाने वाली मार्कशीट तैयार कर ली. इसी फर्जी मार्कशीट के आधार पर उसने बीए सेकंड ईयर में प्रवेश ले लिया. इसके बाद छात्रा ने बीए सेकंड ईयर की परीक्षा भी दी.

हालांकि सेकंड ईयर का परीक्षा परिणाम जारी होने के दौरान उसका रिजल्ट रोक दिया गया. रिजल्ट रुकने के बाद छात्रा ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत की जांच के दौरान उसके द्वारा प्रस्तुत मार्कशीट और विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड का मिलान किया गया, जिसमें कथित तौर पर मार्कशीट में छेड़छाड़ किए जाने का खुलासा हुआ.
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. विष्णु मिश्रा ने बताया कि जांच में छात्रा के रिजल्ट में छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है. मामले में धार के संबंधित सरकारी कॉलेज को नोटिस जारी कर छात्रा के प्रवेश और दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी मांगी गई है. विश्वविद्यालय की ओर से पूरे मामले की जांच के बाद छात्रा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं. अब कॉलेज से प्राप्त जानकारी और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *