अंतरराष्ट्रीय

युद्ध खत्म करने के प्रस्ताव पर ईरान को मिला अमेरिका का जवाब, अब क्या होगा अगला कदम?

डेस्क: ईरान ने बुधवार को बताया कि उसे युद्ध खत्म करने के लिए दिए गए प्रस्ताव पर अमेरिका का आधिकारिक जवाब मिल गया है। हालांकि, ईरान ने अभी यह नहीं बताया है कि अमेरिका ने उसके प्रस्ताव को स्वीकार किया है या खारिज कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी जवाब को राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के सामने कैबिनेट की बैठक में रखा। सरकार की प्रवक्ता फतेमेह मोहाजेरानी ने सरकारी समाचार एजेंसी IRNA को इसकी जानकारी दी।
राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने कहा कि हम समझौते को सफल बनाने की पूरी कोशिश करेंगे और ईरानी लोगों के अधिकारों के लिए मजबूती से खड़े रहेंगे।” उन्होंने कहा, “अब यह समझौता ‘विन-विन’ (दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद) रणनीति पर आधारित होना चाहिए।”
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पिछले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क गए थे। इस दौरान ईरानी अधिकारियों ने अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ अप्रत्यक्ष बातचीत की। इसके अलावा कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों के साथ भी बैठकें हुईं। ईरानी कैबिनेट की बैठक में अराघची ने न्यूयॉर्क दौरे और वहां हुई बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने से जुड़ी ईरान की शर्तों के बारे में भी बताया। ये शर्तें मध्यस्थों के जरिए अमेरिका तक पहुंचाई गई थीं।

अराघची ने पिछले सप्ताह संकेत दिया था कि अगर अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी हटाता है, ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों को जारी करता है और ईरानी तेल की बिक्री पर लगे प्रतिबंधों में छूट देता है, तो तेहरान एक सप्ताह के भीतर होर्मुज को फिर से खोल सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस प्रस्ताव को सार्वजनिक रूप से खारिज कर दिया था। ट्रंप ने कहा था कि ईरान इसलिए समझौते की कोशिश कर रहा है, क्योंकि वह युद्ध में बुरी तरह नुकसान उठा रहा है और उसकी पेशकश स्वीकार्य नहीं है। इसके बावजूद, अधिकारियों के अनुसार मध्यस्थ अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की कोशिश जारी रखे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *