डेस्क: हरियाणा के नूंह में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और नूंह के पूर्व चेयरमैन जाहिद हुसैन को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वालों ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई और गौदारा गैंग का सदस्य बताया है और 5 करोड़ की रंगदारी मांगी है।
जानकारी के अनुसार जाहिद हुसैन चेयरमैन ने एसपी डॉ. अर्पित जैन को दी शिकायत में बताया कि 27 सितंबर 2026 की रात करीब 8.18 मिनट पर उनके मोबाइल नंबर 9812231201 पर एक धमकी भरा फोन आया। फोन करने वाले ने मोबाइल नंबर 9520250016 से कॉल किया और खुद को गौदारा गैंग और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया।
जाहिद हुसैन ने कहा फोन पर उन्हें कहा गया कि “तू भारतीय जनता पार्टी में बहुत बड़ा नेता है, अगर तुझे अपनी जान और अपने बच्चों की जान प्यारी है तो दो दिन के अंदर 5 करोड़ रुपये दे दे। हमारे पास तुम्हारी पूरी डिटेल है।”
जाहिद हुसैन के मुताबिक, धमकी देने वाले ने कहा कि उसका बॉस बात करना चाहता है और अगर बॉस से बात नहीं की तो जान से मार देंगे। जब जाहिद हुसैन ने कहा कि वो मौत से नहीं डरते तो सामने से फोन काट दिया गया। जाहिद हुसैन ने बताया कि इसके बाद उसी नंबर से रात 8 बजकर 23 मिनट पर दोबारा फोन आया और फिर से यस और नो में जवाब मांगा गया और कहा गया कि अगर पैसे नहीं दोगे तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार हो जाओ।
इस पूरे मामले पर चेयरमैन जाहिद हुसैन का कहना है कि “मैं भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हूं और गांव बाई, हालाबाद, गऊशाला रोड, थाना सिटी नूंह का स्थाई निवासी हूं। मुझे लॉरेंस गैंग के नाम पर 5 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी दी गई है। मैंने एसपी साहब से मेरे और मेरे परिवार की जान-माल की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मैं किसी भी धमकी से डरने वाला नहीं हूं।”
फिलहाल इस शिकायत के बाद नूंह पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और उस मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है जिससे धमकी भरा कॉल आया था।


