राष्ट्रीय

डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च डालकर पार्सल लूटने के मामले में एक्शन, पुलिस ने 2 बहनों को पकड़ा

डेस्क: दिल्ली पुलिस ने डिलीवरी बॉय से लूट के मामले में दो बहनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसका खुलासा 15 घंटे के अंदर ही कर दिया। इन दोनों बहनों ने डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर पार्सल छीने थे। दोनों ने स्कूटी से टक्कर मारकर उसे गिराया था। ये घटना रोहिणी के बुध विहार इलाके में हुई है।
बता दें कि आरोपियों की पहचान 26 साल की नैंसी सिंह और 20 साल की ग्रेसी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए तीन पार्सल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे सेक्टर-5, रोहिणी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक डिलीवरी बॉय पार्सल लेकर जा रहा था। इसी दौरान, एक युवती ग्राहक बनकर उसके पास पहुंची और डिलीवरी बैग से पार्सल जबरन निकालने की कोशिश करने लगी। डिलीवरी बॉय ने विरोध किया तो युवती ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।

इसी दौरान, दूसरी युवती स्कूटी से वहां पहुंची और उसने डिलीवरी बॉय को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया और उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद दोनों युवतियां डिलीवरी बैग से कई पार्सल लेकर मौके से फरार हो गईं। मामले की शिकायत मिलने पर बुध विहार थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने नैंसी और ग्रेसी को 15 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान, दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 3 लूटे गए पार्सल, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। दोनों आरोपी सगी बहनें हैं और करोल बाग की रहने वाली हैं। नैंसी ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है, लेकिन फिलहाल बेरोजगार है, जबकि ग्रेसी 12वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है। इससे पहले, हाल ही में दिल्ली में आरोपियों ने ‘टॉय लाइटर पिस्तौल’ दिखाकर करोड़ों की लूट को अंजाम दे दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *