अंतरराष्ट्रीय

बांग्लादेश में एक और हिंदू ज्वैलर की हत्या, नीले ड्रम में मिला शव; 20 सितंबर से था लापता

डेस्क: बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले (Mymensingh district) में 50 वर्षीय हिंदू ज्वैलर निरंजन चंद्र सूत्रधार का शव पानी में तैरते प्लास्टिक के ड्रम (Plastic drums) से बरामद हुआ है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उनका शव एक स्लुइस गेट (Sluice gate) के पास ड्रम में मिला। निरंजन अठारबाड़ी बिल्डिंग इलाके में ज्वैलरी की दुकान चलाते थे और 20 सितंबर से लापता थे।

बांग्लादेशी अखबार ‘दैनिक इत्तेफ़ाक’ की रिपोर्ट के अनुसार, बेगुनबाड़ी इलाके में स्थानीय लोगों ने पानी में एक ड्रम तैरता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्रम से निरंजन का शव बरामद किया।

जेब में मिले टोकन से हुई पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान उसके ट्राउजर की जेब से मिले ‘मयमनसिंह हिंदू कोऑपरेटिव क्रेडिट यूनियन लिमिटेड’ के टोकन के आधार पर की। कोतवाली मॉडल पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर रूहुल अमीन ने स्थानीय मीडिया को बताया कि टोकन के जरिए व्यक्ति की पहचान के बारे में जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने परिवार से संपर्क किया और निरंजन की पत्नी तथा बेटे ने शव की पहचान की पुष्टि की।
पुलिस के मुताबिक, शव पर चोट के निशान पाए गए हैं। अधिकारियों को आशंका है कि हत्या के बाद शव को ड्रम में रखकर पानी में फेंका गया होगा। हालांकि, हत्या की परिस्थितियों और घटना के पीछे की वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
20 सितंबर से लापता थे निरंजन
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, निरंजन चंद्र सूत्रधार मयमनसिंह के स्टेडियम इलाके में अपनी पत्नी और बेटे के साथ किराए के मकान में रहते थे। वह 20 सितंबर से लापता थे।

परिजनों के मुताबिक, उनके एक भतीजे ने उन्हें स्टेडियम इलाके में देखा था। पुलिस ने बताया कि निरंजन पहले भी कई बार कुछ दिनों के लिए घर से बाहर रहे थे और बाद में लौट आते थे। इसी वजह से परिवार को शुरुआत में लगा कि वह कुछ दिनों में वापस आ जाएंगे। इसके चलते तत्काल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।
अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं
पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है और हत्या के पीछे की वजह भी स्पष्ट नहीं है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तक इस मामले में किसी को हिरासत में नहीं लिया गया था। पुलिस शव बरामद होने के बाद मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *