अन्य

रोज सुबह खाली पेट भीगे काले चने खाने से क्या होता है? डायटीशियन से जानें ले

डेस्क:  सुबह के नाश्ते में कुछ लोग फल खाते हैं तो कुछ लोग दूध या पोहा पसंद करते हैं। वहीं, कई लोगों की शुरुआत रातभर भिगोए हुए काले चनों से होती है। काले चने स्वाद के साथ-साथ प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भी भरपूर होते हैं। लेकिन क्या रोजाना सुबह भीगे हुए काले चने खाना सभी के लिए फायदेमंद है? इस बारे में श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट, दिल्ली की चीफ डायटीशियन प्रिया पालीवाल ने जरूरी बातें बताई हैं।

पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं काले चने
डायटीशियन प्रिया पालीवाल के मुताबिक, काले चने प्रोटीन, फाइबर, आयरन, फोलेट और मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं। रातभर भिगोकर रखे हुए चनों को सुबह खाने से यह एक पौष्टिक नाश्ते का हिस्सा बन सकते हैं। इनमें मौजूद प्रोटीन और फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकते हैं। इसी वजह से वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोग भी इन्हें अपनी डाइट में शामिल करते हैं। हालांकि, सिर्फ चने खाने से वजन कम नहीं होता। इसके लिए पूरी डाइट और रोजाना की शारीरिक गतिविधि भी मायने रखती है।

पाचन के लिए भी हो सकते हैं फायदेमंद
काले चनों में अच्छी मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र के लिए जरूरी है। पर्याप्त फाइबर लेने से कब्ज की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, हर किसी का पाचन तंत्र एक जैसा नहीं होता। कुछ लोगों को चने खाने के बाद गैस, पेट फूलने या अपच की शिकायत हो सकती है। ऐसे लोगों को शुरुआत में कम मात्रा लेनी चाहिए और शरीर की प्रतिक्रिया देखकर मात्रा बढ़ानी चाहिए।

मसल्स के लिए भी जरूरी है प्रोटीन
काले चने में मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों के रखरखाव और शरीर के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी होता है। इसके अलावा इनमें आयरन भी पाया जाता है, जो शरीर के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सिर्फ काले चने खाने से शरीर की प्रोटीन या आयरन की पूरी जरूरत पूरी हो जाएगी। सुबह चनों के साथ संतुलित नाश्ता लेना ज्यादा बेहतर रहता है, जिसमें दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी शामिल हों।

चने खाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
भीगे हुए चने खाने से पहले उन्हें अच्छी तरह धोना जरूरी है। उन्हें पर्याप्त समय तक पानी में भिगोएं ताकि वे अच्छी तरह फूल जाएं। अगर चने खाने से आपको बार-बार गैस, पेट दर्द, पेट फूलना या दूसरी पाचन संबंधी परेशानी होती है, तो इन्हें ज्यादा मात्रा में खाने से बचें। अगर आपको पहले से कोई बीमारी है, पाचन संबंधी समस्या है या आप किसी चिकित्सकीय डाइट पर हैं, तो रोजाना ज्यादा मात्रा में काले चने खाने से पहले डॉक्टर या डायटीशियन की सलाह लेना बेहतर है। कुल मिलाकर, भीगे हुए काले चने सुबह के नाश्ते का पौष्टिक हिस्सा हो सकते हैं। इनमें प्रोटीन और फाइबर समेत कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, लेकिन इन्हें अपनी पूरी डाइट का विकल्प नहीं समझना चाहिए। सही मात्रा और संतुलित खान-पान के साथ ही इनका फायदा बेहतर तरीके से मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *