राष्ट्रीय

MP: डीजे पर नाचने को लेकर खूनी विवाद,18 साल के युवक की चाकू से हत्या, एक घायल

डेस्क: मध्य प्रदेश के धार जिले के मनावर तहसील अंतर्गत ग्राम देवरा में डोल ग्यारस के त्यौहार के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। डोल ग्यारस के कार्यक्रम में डीजे पर नाचने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर 18 वर्षीय युवक की हत्या कर दी, जबकि इस वारदात में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

डीजे पर नाचने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरा में डोल ग्यारस का चल समारोह निकल रहा था। गांव का 18 वर्षीय विकास किराड़े अपने साथी सावन के साथ कार्यक्रम देखने और डीजे पर नाचने गया था। डांस करने के दौरान ही कुछ अन्य युवकों के साथ उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावर अपने साथियों के साथ विकास पर टूट पड़े।

पीठ और पेट पर चाकू से वार, अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद हमलावरों ने धारदार हथियार से विकास और सावन पर हमला कर दिया। हमले के कुछ ही देर बाद विकास खून से लथपथ होकर ज़मीन पर गिर पड़ा। उसकी पीठ और पेट पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। आसपास के लोग दोनों घायलों को तुरंत मनावर के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने 18 वर्षीय विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सावन को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़वानी रेफर कर दिया गया है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हमलावरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *